रेवाड़ी में पेट्रोल संकट: ईरान-इजरायल तनाव के डर से पंपों पर भारी भीड़

ईरान-इजरायल युद्ध की आहट से रेवाड़ी में पेट्रोल की किल्लत! पंपों पर लगी लंबी कतारें, स्टॉक खत्म होने से वाहन चालक परेशान। जानें क्या है ग्राउंड जीरो के हालात।

 
रेवाड़ी इंडियन ऑयल फिलिंग स्टेशन

रेवाड़ी : मध्य-पूर्व में ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब रेवाड़ी में भी साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। पहले जहां शहर में गैस सिलेंडरों को लेकर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही थीं, वहीं अब पेट्रोल पंपों पर भी अचानक भीड़ बढ़ गई है। हालात ऐसे बन गए हैं कि कई पंपों पर स्टॉक तेजी से खत्म हो रहा है और वाहन चालकों को पेट्रोल न मिलने के कारण मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है।

 मंगलवार को राजेश पायलट चौक स्थित इंडियन ऑयल के HIM फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल खत्म होने से बड़ी संख्या में ग्राहकों को बिना तेल लिए लौटना पड़ा। सुबह से ही दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोग संभावित कमी की आशंका के चलते अपने वाहनों की टंकियां फुल करवाने के लिए पंपों पर पहुंच रहे हैं। इसी वजह से सामान्य दिनों की तुलना में मांग कई गुना बढ़ गई है।

पंप कर्मचारी महावीर ने बताया कि पहले एक टैंकर में आने वाला 12 हजार लीटर पेट्रोल करीब तीन दिन तक चल जाता था, लेकिन मौजूदा हालात में यही स्टॉक अब सिर्फ डेढ़ दिन में खत्म हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों में यह डर बना हुआ है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात और बिगड़े तो तेल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है। इसी डर के कारण अधिकांश लोग जरूरत से ज्यादा पेट्रोल भरवा रहे हैं। 

उन्होंने आगे बताया कि सोमवार देर शाम तक पूरा स्टॉक समाप्त हो गया था। नया टैंकर अगले दिन शाम तक पहुंचने की संभावना है। तब तक ग्राहकों को दूसरे पंपों का सहारा लेना पड़ रहा है। कई लोग एक पंप से दूसरे पंप तक पेट्रोल की तलाश में भटकते नजर आए। शहर में पेट्रोल की बढ़ती मांग ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

खासतौर पर नौकरीपेशा लोग, टैक्सी चालक, डिलीवरी से जुड़े कर्मचारी और रोजाना लंबी दूरी तय करने वाले वाहन मालिक ज्यादा परेशान दिखाई दिए। कई लोगों ने आशंका जताई कि अगर जल्द सप्लाई सामान्य नहीं हुई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय तनाव का सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों और आपूर्ति पर पड़ सकता है।  

यही वजह है कि लोग पहले से ही एहतियात बरतते हुए अपने वाहनों में पेट्रोल भरवा रहे हैं। शहर के कई अन्य पेट्रोल पंपों पर भी सामान्य दिनों से कई गुना ज्यादा भीड़ देखने को मिल रही है। यदि यही स्थिति बनी रही तो रेवाड़ी समेत आसपास के क्षेत्रों में ईंधन संकट और लंबी कतारों की समस्या और गहरा सकती है। ऐसे में तेल कंपनियों और स्थानीय प्रशासन के सामने समय पर आपूर्ति बनाए रखना बड़ी चुनौती बन गया है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और रोजमर्रा की गतिविधियां प्रभावित न हों।