Rewari Police Action: बड़ा तालाब क्षेत्र में मारपीट और गवाह को धमकाने वाला आरोपी भरत उर्फ छोटू गिरफ्तार

रेवाड़ी पुलिस ने बड़ा तालाब मारपीट और गवाह को धमकाने के मामले में आरोपी भरत उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया है। एसपी हेमेंद्र मीणा के निर्देश पर कार्रवाई।
 
Rewari crime update 2026

रेवाड़ी  : रेवाड़ी पुलिस ने शहर में आपराधिक गतिविधियों और मारपीट की घटनाओं में शामिल बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में पुलिस ने बड़ा तालाब क्षेत्र में मारपीट करने और गवाह को धमकाने के आरोप में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान भरत उर्फ छोटू के रूप में हुई है। 

सीआईए टीम आरोपी को शिनाख्त कराने के लिए शहर के नाई वाली चौक पर लेकर पहुंची। पुलिस के अनुसार भरत उर्फ छोटू के खिलाफ हत्या सहित कई संगीन धाराओं में आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह करीब एक माह पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था। इसके बाद वह दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। पुलिस के मुताबिक बड़ा तालाब क्षेत्र में दो गुटों के बीच मारपीट की घटना हुई थी।

 इस दौरान आरोपियों पर गवाह को धमकाने के भी आरोप हैं। मामले में पुलिस एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अब दूसरे आरोपी भरत उर्फ छोटू को भी काबू कर लिया गया है। गौरतलब है कि इसी मामले में दूसरे गुट के सात आरोपियों की दो दिन पहले ही शिनाख्त परेड कराई गई थी। 

पुलिस अब मामले में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। रेवाड़ी के एसपी हेमेंद्र मीणा ने स्पष्ट कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और कानून को अपने हाथ में लेने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की ओर से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।