रेवाड़ी: पुलिस-बदमाश मुठभेड़, फायरिंग में बाल-बाल बचे सब इंस्पेक्टर
रेवाड़ी के गांव जड़थल के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़। पुलिस पर फायरिंग, सब इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली। दो शातिर बदमाश गिरफ्तार।
रेवाड़ी: रेवाड़ी जिले में देर रात गांव जड़थल क्षेत्र के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें एक गोली सब इंस्पेक्टर फखरुद्दीन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. जैकेट होने के कारण उनकी जान बच गई. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया. दोनों घायलों को उपचार के लिए शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी क्राइम सुरेंद्र सिंह और डीएसपी रविंद्र कुमार अस्पताल पहुंचे.
बखापुर फायरिंग मामले में मिली थी सूचना: पुलिस के अनुसार गांव बखापुर निवासी रतिराम ने 28 जून को थाना मॉडल टाउन में शिकायत दर्ज कराई थी कि पल्सर बाइक पर सवार तीन युवकों ने गांव में फायरिंग कर दहशत फैलाई और फरार हो गए. मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी. इसी दौरान धारूहेड़ा सीआईए को सूचना मिली कि मामले के आरोपी कच्चे रास्ते से गांव की ओर आ रहे हैं, जिसके बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर दी.
पुलिस पर फायरिंग, जवाब में हुई कार्रवाई: सीआईए प्रभारी योगेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर गोली चला दी. डीएसपी क्राइम सुरेंद्र सिंह ने बताया कि, "फायरिंग के दौरान एक गोली एसआई फखरुद्दीन की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे उनकी जान बच गई. पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए दोनों आरोपियों को पैर में गोली मारकर मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपियों का अस्पताल में इलाज चल रहा है."
दोनों आरोपियों पर कई गंभीर मुकदमे: पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी मोहन, रेवाड़ी के बोलनी गांव का रहने वाला है. उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और चोरी समेत नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं. वहीं दूसरा आरोपी गोविंद राजस्थान के खुशखेड़ा थाना क्षेत्र का निवासी है. उसके खिलाफ हरियाणा और राजस्थान में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और फिरौती सहित 14 से 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है.

