Rewari Police Holi: रेवाड़ी एसपी ने नाकों पर तैनात जवानों को खिलाई मिठाई; 25 नाके और 800 पुलिसकर्मियों के साथ सुरक्षा के कड़े इंतजाम

रेवाड़ी के एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने होली के मौके पर ड्यूटी पर तैनात जवानों के साथ खुशियां बांटीं। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 25 नाके और 800 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मेलों और हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस की राइडर और ERV टीमें भी अलर्ट पर हैं।

 
Rewari SP Holi Celebration

रेवाड़ी : रेवाड़ी में रंगोत्सव होली के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा की सराहनीय पहल ने सभी का दिल जीत लिया। होली के दिन एसपी स्वयं पुलिस नाकों पर पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात जवानों को मिठाई खिलाकर उनके साथ होली खेली। इस दौरान पुलिसकर्मियों को परिवार जैसा अपनापन महसूस हुआ। 

त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए रेवाड़ी पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जिले में कुल 25 पुलिस नाके लगाए गए हैं, जिनमें 20 स्थानीय और 5 इंटरस्टेट नाके शामिल हैं। सभी स्थानों पर सख्त चेकिंग की जा रही है, ताकि कोई भी असामाजिक तत्व कानून-व्यवस्था को भंग न कर सके। इसके अलावा 800 से अधिक पुलिसकर्मी विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किए गए हैं। धूलंडी के दिन जिले के अलग-अलग गांवों में आयोजित होने वाले 22 मेलों को देखते हुए 350 पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई है। 

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 42 राइडर टीमें, 25 ईआरवी (इमरजेंसी रिस्पॉन्स वाहन) और 8 पीसीआर वाहन भी फील्ड में सक्रिय रहेंगे। इस मौके पर एसपी हेमेंद्र मीणा ने पुलिसकर्मियों के साथ होली खेलते हुए कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व सभी को मिल-जुलकर खुशी और सौहार्द के साथ मनाना चाहिए। किसी भी तरह की अव्यवस्था या हुड़दंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक की यह पहल न केवल जवानों का मनोबल बढ़ाने वाली रही, बल्कि समाज को भी यह संदेश दिया कि पुलिस जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर त्योहार मनाती है। इस बार रेवाड़ी में होली का पर्व सुरक्षा, भाईचारे और उल्लास के माहौल में मनाया जा रहा है।