Haryana Infrastructure News: जाम से मिलेगी मुक्ति, रोहतक के व्यस्ततम चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण को मिली मंजूरी
चंडीगढ़: लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि रोहतक स्थित जींद बाईपास चौक पर एप्रोच सहित नए फ्लाईओवर निर्माण के लिए 91.97 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दे दी गई है। इससे जाम से मुक्ति मिलेगी।
गंगवा ने बताया कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम (एच.एस.आर.डी.सी.) द्वारा एन.सी.आर.पी.बी. (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र योजना बोर्ड) ऋण सहायता योजना के तहत पूरा किया जाएगा।
जींद बाईपास चौक रोहतक का एक प्रमुख व व्यस्ततम ट्रैफिक जंक्शन है। यहां से जींद, नरवाना, पानीपत और हिसार जाने वाले भारी व हल्के वाहनों के अलावा रोहतक के दक्षिणी बाईपास और आसपास के ग्रामीण इलाकों का आवागमन होता है। वर्तमान में इस मार्ग से रोजाना 10,000 से 12,000 वाहन गुजरते हैं जिस कारण बार-बार जाम लगता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।