रोहतक: विधायक बलराम दांगी को 5 करोड़ की रंगदारी की धमकी, पुलिस अलर्ट
महम विधायक बलराम दांगी के दफ्तर पर फायरिंग के बाद अब 5 करोड़ की रंगदारी की धमकी। एनकाउंटर में दूसरा आरोपी गिरफ्तार। हरियाणा की कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल।
रोहतक: महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर हुई फायरिंग मामले में हरियाणा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार किया. मुठभेड़ के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए पीजीआई रोहतक में भर्ती कराया गया. पुलिस इस मामले में पहले से आरोपियों की तलाश कर रही थी और एनकाउंटर को उसी कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है.
विधायक को मिली 5 करोड़ की रंगदारी की धमकी: पुलिस कार्रवाई के बीच कांग्रेस विधायक बलराम दांगी को व्हाट्सएप पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगते हुए धमकी भरा संदेश भेजा गया. मैसेज में एक सप्ताह के भीतर रकम देने की चेतावनी दी गई. धमकी देने वाले ने लिखा "अभी तो गोली शीशे पर चलाई थी, अगली बार सीधे तुम पर चलेगी." गौरतलब है कि इसी सप्ताह महम स्थित विधायक के कार्यालय पर फायरिंग की घटना हुई थी, जिसके बाद अब रंगदारी की धमकी ने सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.
'क्राइम व्यवस्था चौपट': वहीं कांग्रेस विधायक बलराम दांगी से फिरौती मांगे जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विधायक से फिरौती मांगी गई. पहले उनके दफ्तर पर फायरिंग की गईं. उनसे 5 करोड़ मांगे गए. अगर विधायक को धमकियां मिल रही हैं तो आम लोग कहां जाएंगे. सबको सुरक्षा देना सरकार की जिम्मेदारी है. हरियाणा में कानून व्यवस्था का दिवालिया निकल चुका है. सरकार का इस तरफ कोई ध्यान नहीं.
रणदीप सुरजेवाला ने सरकार पर साधा निशाना: मामले को लेकर कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर हरियाणा सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने लिखा कि "गोलियां, धमकियां और रंगदारी...भाजपा शासित हरियाणा का अब यही डेली रूटीन बन गया है." उन्होंने कहा कि आम लोगों और व्यापारियों के बाद अब विधायक भी गैंगस्टरों के निशाने पर हैं. सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि जब एक निर्वाचित विधायक ही सुरक्षित नहीं है तो आम नागरिक की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है. उन्होंने ये भी कहा कि कागजों पर सरकार भाजपा की है, लेकिन सड़कों पर राज गैंगस्टरों का चल रहा है.
हरियाणा पुलिस ने बढ़ाई विधायक की सुरक्षा: फायरिंग, एनकाउंटर और रंगदारी की धमकी के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. विधायक की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. फिलहाल पुलिस ये पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी भेजने वाले और फायरिंग की घटना के आरोपियों के बीच कोई संबंध है या नहीं.

