Rohtak Stray Animal Terror: रोहतक में आवारा सांड का आतंक, पुराने बस स्टैंड के पास स्कूल बस और कारों को मारी टक्कर

रोहतक के पुराने बस स्टैंड के पास आवारा सांड ने जमकर उत्पात मचाया। स्कूल बस, कार और बाइक को पहुंचाया नुकसान।
 
रोहतक आवारा सांड आतंक

रोहतक : शहर में आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार सुबह पुराने बस स्टैंड के पास एक आवारा सांड ने जमकर उत्पात मचाया। सांड ने सड़क से गुजर रही स्कूल बस को टक्कर मार दी। इसके बाद एक कार को भी नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, सांड ने एक बाइक को नीचे गिरा दिया और स्कूटी सवार के पीछे दौड़ पड़ा। इस दौरान सड़क पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। सांड के आतंक का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सांड सड़क पर इधर-उधर भागता और वाहनों को नुकसान पहुंचाता नजर आ रहा है।

पुराने बस स्टैंड जैसे व्यस्त इलाके में सुबह के समय हुई इस घटना से लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में आवारा पशुओं की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। आए दिन सड़क पर घूमते पशुओं के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा पशुओं को पकड़ने के लिए अभियान चलाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।