Pataudi Rewari Road Truck Fire: गुरुग्राम में चलते ट्रक में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान
गुड़गांव : सोमवार सुबह पटौदी रेवाड़ी रोड पर एक चलते ट्रक में आग लग गई। घटना गांव मौजाबाद के पास हुई जहां अचानक ट्रक से आग की लपटे निकलने लगी। गनीमत यह रही कि समय रहते ड्राइवर ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली। घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक, एक ट्रक पटौदी से रेवाड़ी की ओर जा रहा था। जब ट्रक गांव मौजाबाद के पास पहुंचा तो अचानक ट्रक से धुआं निकलने लगा। अभी ड्राइवर कुछ समझ पाता कि ट्रक पूरी तरह से आग की लपटों में घिर गया। समय रहते ड्राइवर ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची जिसने आग पर काबू पाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने भी यहां से गुजरने वाले वाहनों को रोक दिया ताकि कोई बड़ी घटना न हो। दमकल अधिकारियों की मानें तो प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि ट्रक में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी है। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक ट्रक पूरी तरह से जलकर राख हो गया था। इस घटना में कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।