समालखा: मोर्चरी का फ्रीजर खराब, नवविवाहिता का शव सड़ने से परिजनों का हंगामा

पानीपत के समालखा नागरिक अस्पताल में बड़ी लापरवाही। मोर्चरी का फ्रीजर खराब होने से नवविवाहिता का शव सड़ा। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ किया हंगामा।

 
सिविल सर्जन समालखा

समालखा: पानीपत जिले के समालखा नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। समालखा के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखे एक का नवविवाहिता के शव की हालत फ्रीजर में तकनीकी खराबी आने के कारण बिगड़ जाने से सोमवार को परिजनों में रोष फैल गया। पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजनों ने शव की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगा। मच्छरौली गांव निवासी सरिता (विवाहिता) का शव रविवार दोपहर पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया था। सोमवार को जब परिजन और पुलिस पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए पहुंचे तो शव फूल चुका था तथा उससे दुर्गंध आ रही थी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए हंगामा किया और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि शव की हालत इतनी खराब हो गई थी कि पहचान कपड़ों के आधार पर करनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। परिजनों ने मोर्चरी में शव संरक्षण व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिम्मेदारी तय करने की मांग की। मच्छरौली के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि बलराज सिंह ने कहा कि मोर्चरी में लगे उपकरणों की नियमित जांच और निगरानी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने बताया कि रात के समय डी-फ्रीजर के कूलिंग सिस्टम में अचानक तकनीकी खराबी आ गई थी।

जांच अधिकारी एवं सब-इंस्पंक्टर प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतका की मां बाला देवी की शिकायत पर पति शुभम उर्फ अश्वनी, सास सुनीता तथा ससुर मुकेश कुमार निवासी मोहम्मदाबाद (जिला सोनीपत) के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच जारी है।

उल्लेखनीय है कि सरिता की शादी करीब चार माह पहले मोहम्मदाबाद गांव में हुई थी। वह पिछले करीब डेढ़ माह से अपने मायके में रह रही थी। रविवार सुबह उसने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस आत्महत्या के कारणों और दहेज प्रताड़ना के आरोपों की जांच कर रही है।