Sarv Kalyanकारी Trust Health Camp Haryana: करनाल के कुटेल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण का मिला सहयोग

करनाल के कुटेल स्थित स्वास्थ्य यूनिवर्सिटी में 27 सितंबर को लगेगा निःशुल्क मेडिकल कैंप। 8 विभागों के विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे जांच।
 
Pandit Deen Dayal Upadhyaya University Karnal

सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट आगामी 27 सितंबर 2026 को पंडित दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, कुटेल, करनाल के सहयोग से क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों के निवासियों के लिए एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन करने जा रहा है। इस शिविर में मरीजों को अस्थि रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला, चर्म रोग, शिशु रोग, स्त्री रोग एवं प्रसूति, जनरल मेडिसिन तथा हृदय रोग विभाग की कुल आठ विशेषज्ञ ओपीडी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध होंगी।

ट्रस्ट के अध्यक्ष अभिषेक राणा ने इस अवसर पर जानकारी देते हुए कहा कि सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट अब हिमाचल प्रदेश तक सीमित न रहते हुए देश भर के विभिन्न राज्यों में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसका एकमात्र लक्ष्य है कि जो लोग आर्थिक तंगी या दूरी के कारण अच्छे इलाज से वंचित रह जाते हैं, उन तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं पहुंचाई जाएं। शिविरों में देश के जाने-माने अस्पतालों के डॉक्टर मरीजों की जांच कर आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क दवाइयां और आगे के इलाज के लिए भी सहायता उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट की नींव हिमाचल प्रदेश में रखी गई थी और वर्षों से यह संस्था प्रदेश के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सेवाएं दे रही है, और अब इस मुहिम को अन्य राज्यों तक भी बढ़ाया जा रहा है।

PunjabKesari

इसी क्रम में अभिषेक राणा ने खेद जताते हुए बताया कि सुजानपुर में एक प्रस्तावित निःशुल्क कैंप को राजनीतिक कारणों से स्थान न मिलने के कारण टालना पड़ा था। उन्होंने कहा कि इससे नुकसान संस्था का नहीं बल्कि उन गरीब मरीजों का हुआ जो इलाज की प्रतीक्षा में थे। उन्होंने स्पष्ट किया, "हमारे लिए सेवा कार्य राजनीति से ऊपर है। मरीज की तकलीफ और उसकी जरूरत ही हमारे लिए मायने रखती है।"

अभिषेक राणा ने विशेष रूप से हरियाणा विधानसभा के माननीय अध्यक्ष हरविंदर कल्याण जी के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हरविंदर कल्याण  के सक्रिय सहयोग और सकारात्मक मार्गदर्शन के बिना करनाल में यह निःशुल्क मेडिकल कैंप संभव नहीं हो पाता। उन्होंने कहा, "हरविंदर कल्याण जी ने न केवल इस पुनीत कार्य में पूरा सहयोग दिया बल्कि जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमारे लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रही है। उनका यह सहयोग हमें आगे भी इसी भावना से कार्य करते रहने की ऊर्जा देता है।" उन्होंने पंडित दीन दयाल उपाध्याय यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, कुटेल, करनाल का भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहभागिता दर्शाती है कि जब प्रशासन और समाजसेवी संस्थाएं मिलकर कार्य करती हैं तो इसका सीधा लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचता है। अभिषेक राणा ने अंत में कहा, "सुजानपुर में मार्ग अवरुद्ध होने के बावजूद हमने सेवा कार्य को रोकने के बजाय उसका विस्तार करने का निर्णय लिया। हमारा संघर्ष किसी व्यक्ति या दल से नहीं बल्कि मरीजों की पीड़ा से है, और यह मानवसेवा अभियान निरंतर जारी रहेगा।"