Haryana Agriculture Minister Karnal News: करनाल में बोले कृषि मंत्री—मंडियों में धान खरीद जारी, जियो फेंसिंग से रुकेगी गड़बड़ी
करनाल : हरियाणा के करनाल पहुंचे कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने किसानों को पराली प्रबंधन के लिए दी जाने वाली सहायता राशि बढ़ाने का ऐलान किया है.
करनाल में नमो क्रिकेट लीग : करनाल में आयोजित नमो क्रिकेट लीग में हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की. कृषि मंत्री ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया और कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखने के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास का मजबूत माध्यम है. इस दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों पर भी कृषि मंत्री ने कई अहम घोषणाएं कीं.
पराली प्रबंधन पर बढ़ेगी किसानों को मिलने वाली राशि : कृषि मंत्री ने पराली प्रबंधन को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि हरियाणा में किसानों को प्रति एकड़ 1200 रुपये की सहायता राशि दी जा रही है, जिसे आने वाले समय में बढ़ाया जाएगा. उन्होंने कहा कि प्रदेश में हजारों की संख्या में पराली प्रबंधन की मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं. इन मशीनों से पराली की बाइंडिंग कर उसे फैक्ट्रियों तक पहुंचाया जाता है, जबकि कुछ पराली को खेत में ही मिलाया जाता है.
धान खरीद को लेकर कृषि मंत्री ने दिया अपडेट : धान खरीद को लेकर कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा में कुल 249 मंडियां हैं. कुछ मंडियों में 1509 किस्म का धान आया, जिसकी खरीद हो चुकी है. वहीं सामान्य धान की करीब 6 लाख क्विंटल आवक में से लगभग 1 लाख क्विंटल की खरीद हो चुकी है और बाकी धान की बोली की प्रक्रिया जारी है.
धान घोटाला रोकने के लिए जियो फेंसिंग का सहारा : मंडियों में धान खरीद के दौरान गड़बड़ी रोकने के सवाल पर कृषि मंत्री ने कहा कि सरकार ने जियो फेंसिंग की व्यवस्था लागू की है. अब मंडी का गेट पास किसान के घर से नहीं बल्कि मंडी में पहुंचने के बाद जारी होगा. सरकार का दावा है कि इस व्यवस्था से फर्जी एंट्री और धान खरीद में होने वाली गड़बड़ियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी.
24 लाख एकड़ का रिकॉर्ड पोर्टल पर अपलोड : श्याम सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश में करीब 24 लाख एकड़ का ब्यौरा पोर्टल पर अपलोड किया जा चुका है. इसमें से करीब 19 लाख एकड़ क्षेत्र का सैटेलाइट के माध्यम से सत्यापन हो चुका है, जबकि बाकी क्षेत्र का मैन्युअल वेरिफिकेशन किया जाएगा. कृषि मंत्री ने कहा कि कुछ तकनीकी खामियां हैं, जिन्हें एक-दो दिन में दूर कर लिया जाएगा. इसके बाद औसत के आधार पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
किसानों से कृषि मंत्री की अपील : श्याम सिंह राणा ने कहा कि कुछ प्रक्रियाओं के लिए केंद्र सरकार की अनुमति आवश्यक होती है. उन्होंने कहा कि फिलहाल मंडियों में सामान्य धान की आवक कम है और एफसीआई की खरीद प्रक्रिया भी उसी के अनुसार आगे बढ़ रही है. कृषि मंत्री ने किसानों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि एक-दो दिन में पूरा सिस्टम व्यवस्थित हो जाएगा.
मोदी सरकार के 25 साल की उपलब्धियां : कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है और इन योजनाओं की जानकारी कार्यकर्ताओं के साथ-साथ आम जनता तक पहुंचाना भी अभियान का हिस्सा है.