सिरसा: इंदिरा गांधी नहर में डूबे दो किशोर; माता-पिता के इकलौते बेटे थे दोनों
हरियाणा के सिरसा में बड़ा हादसा। बणी गांव के 10 दोस्त गर्मी से राहत पाने इंदिरा गांधी नहर में नहाने गए थे, जहां तेज बहाव में बहने से दो किशोर लापता। खोज जारी।
सिरसा : सिरसा जिले में हरियाणा-राजस्थान सीमा से गुजर रही राज कनाल (इंदिरा गांधी नहर) में वीरवार को नहाने गए दो किशोर तेज बहाव में बह गए। गर्मी से राहत के लिए बणी गांव के दस दोस्त इंदिरा गांधी नहर में नहाने गए थे,जिनमें से आठ युवक लौट आए जबकि दो युवक गहरे व तेज बहाव में बह गए। देर शाम पानी में डूबे दोनों युवक नहीं मिले थे,शाम ढलने पर फिलहाल गोताखोर ने अपना काम रोक दिया है।
युवकों ने इस घटना की जानकारी गांव में आकर दी तो उनके परिजन व गांव के लोग नहर की ओर भागे ओर गोताखोर को बुलाकर उनकी पड़ताल शुरू की। डूबे युवकों की पहचान मनीष पुत्र राजकुमार व मोहित पुत्र रोहताश के तौर पर बताई गई है। बणी गांव के सरपंच संजीव,पूर्व सरपंच रविंद्र सिंह व पंचायत समिति सदस्य गगनदीप ने घटना की पुष्टि की है। सूत्रों के मुताबिक, डूबने वाले दोनों किशोर माता-पिता के इकलौते पुत्र थे।
दो युवकों के डूबने के बाद गांव में माहौल गमगीन है। डूबे युवक अपने अपने परिवार में इकलौते ही थे। बता दें कि बच्चों के डूबने की घटनाओं के द्दष्टिगत जिला प्रशासन ने चंद दिन पहले ही नहरों में नहाने पर प्रतिबंध लगाया था। लेकिन बणी गांव के युवक गांव से थोड़ी दूर बहती इंदिरा गांधी नहर में नहाने चले गए।

