Pug Dog Missing Dabwali Sirsa: सीसीटीवी में स्कूटी पर ले जाते दिखे दो लोग, परिवार ने कुत्ते की तलाश के लिए रखा इनाम
सिरसा : हरियाणा के सिरसा जिले में एक मैरिज पैलेस मालिक का पालतू कुत्ता गुम हो गया. मालिक ने पहले तो कुत्ते को काफी ढूंढने का प्रयास किया लेकिन जब कुत्ते का कोई पता नहीं चला तो मालिक ने कुत्ते को ढूंढने वाले व्यक्ति को 25000 का इनाम देने का ऐलान भी कर दिया. पग(PUG) नस्ल का जेरी 18 सितंबर को लापता हुआ है. परिवार के हाथ एक CCTV फुटेज लगी है जिसमें इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार दो लोग जेरी को रेलवे स्टेशन की तरफ ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं.
हर साल बर्थडे सेलिब्रेट करते थे : जेरी के मालिक राजीव कुमार बंसल हैं. वे परिवार के साथ डबवाली में गोली चौक के पास रहते हैं. राजीव बंसल का मैरिज पैलेस और रिगल फूड नाम का रेस्टोरेंट है. परिवार पुलिस को भी जेरी के लापता होने की शिकायत देगा. परिवार साढ़े 3 साल पहले जेरी को लेकर आया था. वे हर साल उसका बर्थडे सेलिब्रेट करते थे.
2023 में घर लाए थे जेरी : राजीव ने बताया कि किलियांवाली में हरराज सिंह उनके दोस्त हैं. करीब साढ़े तीन साल पहले वे हरराज सिंह से ही जेरी को लेकर आए थे. उस समय उनके बेटे की रिसेप्शन पार्टी थी. भोज कार्यक्रम का काम हरराज सिंह के पास था. उनके घर पर पग नस्ल की एक फीमेल डॉगी और उसके कुछ पिल्ले थे. राजीव को जेरी पसंद आ गया था. राजीव ने बताया कि कार्यक्रम के काम के पैसों में से कुछ छूट देकर उन्हें जेरी दिया गया था. वे 22 फरवरी 2023 को जेरी को घर लेकर आए थे. इसी तारीख को परिवार हर साल जेरी का जन्मदिन मनाता है. पिछले जन्मदिन पर भी बच्चों और परिवार के साथ केक काटकर उसका जन्मदिन मनाया था.
शांत स्वभाव का है जेरी : राजीव बंसल ने बताया कि जेरी पग नस्ल का डॉगी है. वह शांत स्वभाव का है और ज्यादा भौंकता भी नहीं है. जहां रहता है वहां के लोगों से आसानी से घुल मिल जाता है. ऐसे में संभव है कि दोनों लोग उसे गलती से उठाकर ले गए हों. उनका कहना है कि अगर जेरी भौंकने वाला या आक्रामक होता तो शायद कोई उसे हाथ भी नहीं लगाता.
25 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा : राजीव ने बताया कि उन्हें CCTV फुटेज मिली है जिसमें 18 सितंबर की शाम दो लोग इलेक्ट्रिक स्कूटी पर जेरी को ले जाते दिखाई दे रहे हैं. फुटेज के आधार पर दोनों की तलाश की जा रही है. राजीव के मुताबिक दोनों डबवाली शहर के ही लग रहे हैं. जेरी को ढूंढकर लाने या उसके बारे में सही सूचना देने वाले को 25 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा.
टेडी बीयर की तरह था जेरी : राजीव ने बताया कि उनके परिवार में 7 से 8 सदस्य हैं और सभी का जेरी से काफी लगाव था. वो कभी घर से बाहर नहीं जाता था और शांत स्वभाव का था. रात को वह उनके पास ही बेड पर सोता था. काम के बाद शाम को घर लौटने पर दिनभर की थकान होती थी. ऐसे में परिवार के सभी सदस्य जेरी के साथ मस्ती करते थे. राजीव के मुताबिक वह टेडी बीयर की तरह था.
परिवार परेशान : राजीव ने बताया कि जेरी के लापता होने के बाद से परिवार के सभी लोग परेशान हैं. किसी का मन नहीं लग रहा और सभी उदास हैं. घर पर कोई मेहमान आता था तो जेरी उसके पैरों के पास जाकर बैठ जाता था. वह किसी को कुछ नहीं कहता था. परिवार के लिए जेरी एक सदस्य की तरह था. उसके नहीं मिलने से सभी को दुख है.