सिरसा: होटल में जिस्मफरोशी का भंडाफोड़, पंजाब के युवक-युवतियां गिरफ्तार

सिरसा के ऑलवेज वेलकम होटल में देह व्यापार का पर्दाफाश। डीएसपी राज सिंह की रेड में पंजाब के 3 युवक, 3 युवतियां और होटल मैनेजर गिरफ्तार। मामला दर्ज, जांच जारी।

 
अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम

सिरसा : जिला पुलिस ने शहर में होटल की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के गोरखधंधे का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। डीएसपी राज सिंह के नेतृत्व में एबीवीटी स्टाफ सिरसा की टीम ने डबवाली रोड स्थित ऑलवेज वेलकम होटल में छापेमारी कर तीन युवतियों और तीन युवकों को आपत्तिजनक हालत में काबू किया। पकड़े गए सभी युवक-युवतियां पंजाब के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

डीएसपी राज सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त होटल में लंबे समय से देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से होटल पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान होटल के कमरों से तीन युवतियों और तीन युवकों को संदिग्ध एवं आपत्तिजनक परिस्थितियों में पकड़ा गया। पुलिस जांच में सामने आया कि होटल प्रबंधन द्वारा पंजाब से युवतियों को बुलाकर अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा था। मामले में दीपक पुत्र बलबीर चंद निवासी आबा बस्ती बठिंडा तथा कृष पुत्र तेजेंद्र सिंह निवासी शांति नगर बेगू रोड सिरसा, हाल निवासी खरड़ जिला मोहाली को हिरासत में लिया गया है। वहीं होटल मैनेजर मुकुल पुत्र शिशु कुमार निवासी मसीतांवाली, भुच्चो मंडी (पंजाब) को भी गिरफ्तार किया गया है। 

थाना सिविल लाइन सिरसा में आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। डीएसपी राज सिंह ने साफ कहा कि शहर में होटलों की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। होटल मालिक के खिलाफ भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच जारी है और जो भी व्यक्ति इस मामले में संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।