गुड़गांव: मेदांता अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने की मुलाकात

लद्दाख के पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना।

 
डॉ सुशीला कटारिया मेदांता

गुड़गांव : छात्रों के समर्थन में पिछले 25 दिनों से अनशन कर रहे प्रसिद्ध इंजीनियर एवं लद्दाख के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने वाले सोनम वांगचुक को मंगलवार देर शाम को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्हें देर शाम करी साढ़े 7 बजे यहां लाया गया जिसके बाद डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया है। यहां उनके कई प्रकार की जांच की गई हैं जिनकी रिपोर्ट आने के बाद ही डॉक्टर कुछ बताएंगे।

वहीं, देर रात को करीब 9 बजकर 35 मिनट पर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा भी गुड़गांव के मेदांता अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल के आईसीयू-8 में भर्ती किए गए सोनम वांगचुक से मुलाकात की और उनसे करीब 45 मिनट तक बातचीत की। इसके बाद उन्होंने डॉ सुशीला कटारिया से मुलाकात कर सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य की जानकारी ली। रात करीब पौने 11 बजे केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा वापस दिल्ली लौट गए। 

आपको बता दें कि सोनम वांगचुक को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया था। उनकी पत्नी गीतांजलि द्वारा दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर सोनम वांगचुक को गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में इलाज कराने की इजाजत मांगी थी जिस पर दिल्ली पुलिस की तरफ से भी कोई आपत्ति दर्ज नहीं की गई। जिसके बाद मंगलवार देर शाम को उन्हें गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया। यहां डॉ सुशीला कटारिया की देखरेख में उन्हें आईसीयू -8 में एडमिट किया गया है। वहीं, सोनम वांगचुक को गुड़गांव लाने से पहले ही यहां सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई थी। अस्पताल को छावनी में तब्दील कर दिया गया था। यहां मुख्य गेट से लेकर अस्पताल के अंदर व आईसीयू के बाहर भी पुलिस को तैनात किया गया है।