Sonepat Model Town School Controversy: राजकीय माध्यमिक विद्यालय में बच्चों से सफाई का विरोध, हेडमास्टर की माफी के बाद हुआ समझौता

सोनीपत के मॉडल टाउन स्कूल में बच्चों से सफाई करवाने पर सफाई कर्मचारियों ने हंगामा किया। हेडमास्टर के माफी मांगने के बाद मामला शांत हुआ।
 
Sonepat headmaster news

सोनीपत : सोनीपत के मॉडल टाउन स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में सफाई कर्मचारियों ने जमकर हंगामा किया। यह हंगामा तब हुआ जब बच्चों से स्कूल के बाहर सफाई करवाई जा रही थी। सफाई कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर वीडियो बनाई और बच्चों से सफाई करवाने पर नाराजगी जताई और स्कूल के हेड मास्टर पर गंभीर आरोप लगाए और धरना दिया।

सफाई कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि हेडमास्टर और अध्यापक अपने बच्चों से स्कूल से सफाई करवाएं। उन्होंने हेडमास्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करते हैं और उनके बच्चों से स्कूल की सफाई करवाते हैं।सफाई कर्मचारियों ने स्कूल पहुंचकर हेडमास्टर से स्कूल की सफाई करवाई। इसके बाद वे स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि वे अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे हैं।कुछ देर बाद स्कूल के हेडमास्टर ने सफाई कर्मचारियों से माफी मांगी, जिसके बाद समझौता हो गया और सफाई कर्मचारी धरने से उठ गए।

राजकीय माध्यमिक विद्यालय के हेडमास्टर सुरेंद्र हुड्डा ने कहा किया कि सरकार की तरफ से श्रमदान का आदेश था और उसी के तहत स्कूल में सफाई का कार्यक्रम किया जा रहा था। अध्यापकों के अलावा बच्चों से भी सफाई का कार्य करवाया गया था और इस दौरान सफाई कर्मचारी पहुंच गए और उन्होंने विरोध किया था। जिसके बाद धरना दिया और माफी मांगने की बात कही गई थी, फिलहाल समझौता हो गया है।