Baroda Thana Sonepat: सोनीपत के सतलोक आश्रम में शर्मनाक घटना, CWC की काउंसलिंग के बाद खुला राज

सोनीपत के सतलोक आश्रम (धनाना) में नाबालिग बच्चे के साथ कुकर्म का मामला। CWC की शिकायत पर आरोपी सेवादार गिरफ्तार।
 
Baroda police station Sonepat

सोनीपत : हरियाणा के सोनीपत जिले के बरोदा थाना क्षेत्र स्थित संत रामपाल के सतलोक आश्रम (धनाना) से एक बेहद शर्मनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ आश्रम में सेवा करने आए उत्तर प्रदेश के एक परिवार के नाबालिग बच्चे के साथ कुकर्म किए जाने का गंभीर आरोप लगा है। मामले का खुलासा होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सेवादार को गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़ित परिवार उत्तर प्रदेश से आकर सतलोक आश्रम धनाना में सेवा कार्य कर रहा था। इसी दौरान किसी माध्यम से मामला चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के संज्ञान में आया। जब CWC की टीम ने बच्चे की काउंसलिंग की, तो उसने अपने साथ हुई इस अमानवीय घटना के बारे में खुलकर बताया। काउंसलिंग के दौरान ही इस पूरे काले कारनामे का खुलासा हुआ। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित बच्चे के पिता ने तुरंत बरोदा थाना पुलिस को इसकी शिकायत दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बिना देर किए पॉक्सो एक्ट और अन्य संबंधित धाराओं के तहत आरोपी सेवादार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सेवादार सचिन सतलोक आश्रम धनाना में ही सेवादार का काम करता था और वह सोनीपत के ही कांसड़ी गांव का रहने वाला है। एफआईआर दर्ज होने के तुरंत बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी सचिन को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।