Haryana SE Suicide Case Update: सुसाइड नोट में सामने आए थे 12 अधिकारियों के नाम, एसआईटी कर रही मामले की गहन जांच
सोनीपत : बिजली निगम के निलंबित सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर गीतू राम तंवर आत्महत्या मामले में प्रशासन ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मामले में नाम सामने आने के बाद सोनीपत सिटी डिवीजन के एक्सईएनरणबीर देसवाल, एक्सईएन अश्वनी कौशिक और एसडीओ प्रदीप कुमार का सोनीपत से पंचकूला मुख्यालय ट्रांसफर कर दिया गया है।
सुसाइड नोट में 12 अधिकारियों के नाम
निलंबित एसई गीतू राम तंवर ने 31 अगस्त को आत्महत्या कर ली थी। तंवर ने अपने सुसाइड नोट में 12 अधिकारियों के नामों का उल्लेख करते हुए उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने कुल 16 अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई थी।
SIT कर रही मामले की जांच
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष जांच टीम का गठन किया गया है। एएसपी रवींद्र कुमार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय एसआईटी टीम पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। सोनीपत के एसपी करन गोयल ने बताया कि सुसाइड नोट, संबंधित अधिकारियों के दर्ज बयानों और अन्य तकनीकी व भौतिक तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच जारी है।