Haryana Bribery Case: डेढ़ साल से लंबित था जमीन का मामला, रिश्वत मांग रहे हलका गिरदावर को एसीबी ने किया गिरफ्तार

सोनीपत में एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई। जमीन की सनद तकसीम के एवज में 25 हजार की रिश्वत लेते गिरदावर गिरफ्तार।
 
Sanad takseem corruption Sonipat

सोनीपत : जमीन की सनद तकसीम की कार्रवाई करवाने के बदले 25 हजार रूपए रिश्वत लेता गिरदावर राजेश मलिक एंटी करप्शन ब्यूरो (ए.सी.बी.) की सोनीपत टीम ने मंगलवार शाम पुरानी तहसील में गिरफ्तार कर लिया। मामला जमीन की  सनद तकसीम से जुड़ा है। 

शिकायतकर्ता अनुसार जमीन की तकसीम होने के बाद सनद तकसीम की कार्रवाई करीब डेढ़ साल से लंबित थी। इस दौरान कई गिरदावर बदले लेकिन जमीन पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने गन्नौर तहसील से तबादला होकर आए हलका गिरदावर राजेश से संपर्क किया। राजेश के पास सोनीपत और राई का अतिरिक्त कार्यभार भी था।

आरोप है कि सनद तकसीम की कार्रवाई करवाने के बदले गिरदावर ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी। शिकायत मिलने पर ए.सी. बी. ने कार्रवाई की योजना बनाई। मंगलवार शाम करीब 5 बजे शिकायतकर्ता को रुपए लेकर पुरानी तहसील पहुंचने के लिए कहा गया। शिकायतकर्ता ने जैसे ही राजेश को 25 हजार रुपए दिए ए.सी.बी. ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया व रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली। ए.सी.बी. ने आरोपी गिरदावर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।