Sonipat Sadar Thana News: पुलिस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने की पुष्टि, सोनीपत सड़क दुर्घटना में 3 लोगों ने गंवाई जान

सोनीपत के बड़वासनी गांव के पास एक ब्रेजा कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बड़वासनी के तेजबीर, कृष्ण और दिल्ली की रहने वाली स्वीटी की मौत हो गई।

 
Sonipat Sadar police station

सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक कार के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उसमें सवार एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह भीषण हादसा बड़वासनी गांव से कुछ ही दूरी पर घटित हुआ। जानकारी के अनुसार, तीनों मृतक ब्रेजा गाड़ी में सवार होकर सीएनजी (CNG) डलवाने के उद्देश्य से गोहाना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर हादसे की शिकार हो गई, जिससे वाहन के परख्चचे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोगों ने दम तोड़ दिया।

🚑 मृतकों में दिल्ली की महिला भी शामिल: सदर थाना पुलिस कर रही मामले की जांच, परिजनों में पसरा मातम

हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता रवींद्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान तेजबीर और कृष्ण (दोनों निवासी बड़वासनी गांव, सोनीपत) तथा स्वीटी (निवासी नजफगढ़, दिल्ली) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी है। गांव बड़वासनी में दो युवकों की एक साथ मौत से मातम का माहौल छाया हुआ है।