सोनीपत: हाथों में बेड़ियां पहनकर कांग्रेस ने किया नीट पेपर लीक का विरोध
सोनीपत: नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में सोनीपत में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में बेड़ियां पहनकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. साथ ही जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने छात्रों को न्याय दिलाने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.
सख्त कानून बनाने की मांग:प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी संजय बड़वासनिया ने कहा कि, "नीट पेपर लीक जैसे मामलों पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाया जाए और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो. सरकार झूठे वादे कर छात्रों के आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन छात्र हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. पेपर लीक के दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए."
छात्रों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग: प्रदर्शनकारी नेताओं ने पेपर लीक से आहत होकर आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की. एक अन्य प्रदर्शनकारी ने कहा कि, "सरकार को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता दिखानी चाहिए. छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और पीड़ित परिवारों को न्याय मिले."
"अंतिम सांस तक जारी रहेगा संघर्ष": कांग्रेस नेताओं ने कहा कि, "छात्रों के हितों की रक्षा के लिए नए कानून बनाए जाने चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं फिर से न हो. यह लड़ाई केवल छात्रों के लिए नहीं, बल्कि देश के भविष्य के लिए है. जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, हमारा संघर्ष जारी रहेगा और छात्रों के अधिकारों की लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ी जाएगी."

