सोनीपत: सड़क हादसे में रिटायर्ड BSF जवान की पत्नी की मौत, पति गंभीर घायल
सोनीपत के ककरोई-बैंयापुर रोड पर अज्ञात वाहन की टक्कर से रिटायर्ड BSF जवान की पत्नी की मौत। डायलिसिस कराकर लौट रहे थे दंपति। पुलिस ने मामला दर्ज किया।
सोनीपत : सोनीपत के ककरोई-बैंयापुर रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में रिटायर्ड बीएसएफ जवान की पत्नी की मौत हो गई, जबकि वे गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दंपति अस्पताल से डायलिसिस करवाकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल रिटायर्ड जवान को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस हादसे की जांच में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव ककरोई निवासी जगदीश बीएसएफ से रिटायर्ड हैं।वह अपनी पत्नी जयश्री को डायलिसिस करवाने के लिए अस्पताल लेकर गए थे। उसके बाद दोनों बाइक पर सवार होकर गांव वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे ककरोई-बैंयापुर रोड पर पहुंचे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जयश्री सड़क पर गिर गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।वहीं रिटायर्ड बीएसएफ जवान जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया।मृतका की पहचान जयश्री निवासी गांव ककरोई के रूप में हुई है,जबकि उनके पति जगदीश की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल में रखवाया गया है।फिलहाल सदर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं इस हादसे की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि गांव ककरोई बैंयापुर रोड पर हादसे की सूचना मिली थी जिसके बाद महिला की एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं अब महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया है और परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

