सोनीपत: रेलवे हाईराइज सोसायटी में 25 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या

सोनीपत के सेक्टर-10 स्थित रेलवे हाईराइज सोसायटी में मानसिक रूप से परेशान 25 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। दिल्ली से उसका इलाज चल रहा था।

 
Udita suicide Sonipat case

सोनीपत: सेक्टर-10 स्थित रेलवे हाईराइज सोसायटी में एक युवती ने आत्महत्या कर ली. घटना से पूरे परिसर में हड़कंप मच गया. सूचना पर सेक्टर-27 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. परिजनों ने बताया कि युवती मानसिक रूप से परेशान थी. उनका दिल्ली से उपचार चल रहा था.

सोनीपत में युवती ने किया सुसाइड: मिली जानकारी के अनुसार मूलरूप से महाराष्ट्र निवासी अजय पाटिल रेलवे से सेवानिवृत्त हैं. वो अपने परिवार सहित रेलवे हाईराइज सोसाइटी सेक्टर-10 में सातवीं मंजिल फ्लैट पर रहते हैं. शुक्रवार को उनकी छोटी बेटी उदिता (25) ने सातवीं मंजिल स्थित अपने फ्लैट के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. मामले का पता लगते ही हड़कंप मच गया. परिवार के सदस्य बेटी को लेकर अस्पताल में पहुंचे, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी.

डिप्रेशन में थी छात्रा? परिजनों के अनुसार उदिता काफी समय से मानसिक अवसाद (डिप्रेशन) से जूझ रही थी और दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था. वो नियमित रूप से दवा भी ले रही थी. परिवार का कहना है कि घटना से एक दिन पहले उसने बताया था कि उनके मन में आत्महत्या के विचार आ रहे हैं. इसके बाद परिजनों ने उसे समझाने और मानसिक रूप से संभालने का प्रयास किया, लेकिन वो ये कदम उठा बैठी.

17 जुलाई को मनाया था 25वां जन्मदिन: परिजनों ने बताया कि 12वीं कक्षा तक पढ़ी उदिता ने 17 जुलाई को अपना 25वां जन्मदिन पूरे उत्साह के साथ परिवार के बीच मनाया था. किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही दिनों बाद परिवार पर ऐसा दुखों का पहाड़ टूट पड़ेगा. बेटी ने 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी. पढ़ाई के दौरान ही उन्हें बेटी के मानसिक रूप से परेशान होने का पता लगा था. जिसके बाद से ही उपचार कराया जा रहा है.

पुलिस की जांच जारी: उदिता तीन बहनों में सबसे छोटी थी. उनकी एक बड़ी बहन है और दूसरी जुड़वा बहन के बाद उनका जन्म हुआ था. परिवार इस घटना से पूरी तरह स्तब्ध है. सेक्टर 27 थाना प्रभारी सवित्त कुमार ने फोन पर दी गई जानकारी में बताया कि "युवती ने आत्महत्या की है. उनके पिता ने बताया है कि वह मानसिक रूप से परेशान थी. कई साल से उनका उपचार चल रहा था. शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा जाएगा. पुलिस परिजनों के बयान समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है."