Former MP Sunita Duggal Statement: 'नायब सैनी पार्ट टाइम नहीं, 24 घंटे काम करने वाले सीएम' – विपक्ष पर सुनीता दुग्गल का पलटवार

पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को गुरु रविदास 650वें प्रकाश पर्व अभियान में 6 राज्यों की जिम्मेदारी। पंजाब चुनाव और सीएम सैनी पर रखी राय।
 
सिरसा रेल कनेक्टिविटी

चंडीगढ़:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सामाजिक समरसता का संदेश देने के लिए श्री गुरु रविदास महाराज के 650वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समरसता कार्यक्रम के तहत देशभर में सात टीमों का गठन किया गया है। हरियाणा की पूर्व लोकसभा सांसद सुनीता दुग्गल को छह राज्यों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी टीम में कुल सात सदस्य शामिल हैं।


सुनीता दुग्गल ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत पूर्णिमा के दिन वाराणसी से हुई। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वहां की पावन मिट्टी को कलश में रखकर देश के विभिन्न राज्यों से आए पार्टी पदाधिकारियों को सौंपा। इसके बाद सभी पदाधिकारी इन कलशों को अपने-अपने राज्यों में लेकर पहुंचे।

हरियाणा में मुख्यमंत्री ने सिर पर रखकर किया कलश का स्वागत
हरियाणा में कलश पहुंचने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में इन्हें अपने शीश पर रखकर सम्मान दिया और स्थानीय मंदिरों में स्थापित कराया। इसके अलावा संबंधित जिलों के पार्टी अध्यक्षों को भी कलश सौंपे गए। सुनीता दुग्गल ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य श्री गुरु रविदास महाराज की पवित्र वाणी और उनके सामाजिक समरसता के संदेश को घर-घर तक पहुंचाना है, ताकि समाज का प्रत्येक व्यक्ति उनके दिखाए मार्ग पर चल सके।

पंजाब में भाजपा सरकार बनने का दावा
पंजाब की राजनीतिक स्थिति पर सुनीता दुग्गल ने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में लगातार तीसरी बार और हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी है, उसी तरह पंजाब भी भाजपा की राह पर आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि पंजाब कभी देश के सबसे समृद्ध राज्यों में शामिल था, लेकिन वर्तमान में नशे की समस्या ने राज्य को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। ऐसे में पंजाब को ऐसी सरकार की जरूरत है, जो युवाओं समेत समाज के हर वर्ग को आगे बढ़ाने के साथ राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाए।

आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में पंजाब की जनता भाजपा को विकल्प के रूप में देख रही है।

नायब सैनी को पार्ट टाइम सीएम कहना विपक्ष की ईर्ष्या : दुग्गल
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को विपक्ष द्वारा पार्ट टाइम मुख्यमंत्री कहे जाने पर सुनीता दुग्गल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि यह विपक्ष की ईर्ष्या को दर्शाता है। मुख्यमंत्री सप्ताह के सातों दिन और दिन-रात जनता के लिए उपलब्ध रहते हैं। उन्होंने कहा कि नायब सैनी ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो देर रात तक भी लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनते हैं।
दुग्गल ने कहा कि मुख्यमंत्री की लोकप्रियता का अंदाजा पंजाब और बिहार में उनके कार्यक्रमों के दौरान उमड़ी भीड़ से लगाया जा सकता है। नकोदर, जालंधर और बठिंडा में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोग और महिलाएं उनसे मिलने पहुंचीं। इसी प्रकार बिहार में चुनाव प्रचार के दौरान भी लोगों में मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लेने को लेकर उत्साह दिखाई दिया।

कॉमनवेल्थ खेलों की मेजबानी किसी भी राज्य में संभव
कॉमनवेल्थ गेम्स की संभावित मेजबानी को लेकर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी देश का कोई भी सक्षम राज्य कर सकता है। उन्होंने गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम का उदाहरण देते हुए कहा कि देश में कई राज्यों में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम मौजूद हैं, जहां बड़ी प्रतियोगिताएं आयोजित होती हैं।
उन्होंने कहा कि ओलंपिक, एशियाई खेल या कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में किसी एक राज्य का नहीं, बल्कि पूरे भारत का प्रतिनिधित्व होता है। इसलिए खेलों की मेजबानी को लेकर क्षेत्रीय राजनीति नहीं होनी चाहिए।

प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रयासों की सराहना
सुनीता दुग्गल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता की कार्यप्रणाली की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाकर लोगों की समस्याएं सुनने की व्यवस्था सराहनीय पहल है। इसी व्यवस्था के तहत उनकी भी ड्यूटी लगाई गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक जिले में हर महीने ग्रीवेंस कमेटी की बैठक आयोजित की जाती है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी अपने गृह जिले सिरसा में लोगों की समस्याएं सुनते हैं।

सिरसा लोकसभा क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी बढ़ने का दावा
दुग्गल ने अपने सांसद कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि अमृतकाल के दौरान भट्टू कलां, नरवाना, डबवाली और सिरसा में रेलवे स्टेशनों से जुड़े विकास कार्य हुए हैं। उनके अनुसार 2019 से 2024 तक सांसद रहते हुए सिरसा से कई नई ट्रेनों का संचालन भी शुरू हुआ, जिससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिली।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से नशे के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में डबवाली को हरियाणा का पुलिस जिला घोषित किया गया था। उनका कहना है कि कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और नशे के खिलाफ कार्रवाई के लिए ऐसे प्रशासनिक कदम महत्वपूर्ण हैं।