चलती टाटा पंच कार में अचानक लगी आग, डेंटल सर्जन डॉ. सुमित ने बचाई जान

गांव चांग निवासी डेंटल सर्जन डॉ. सुमित कुमार की चलती टाटा पंच कार में अचानक आग लग गई। डॉक्टर ने सूझबूझ दिखाते हुए कार से दूर हटकर जान बचाई, लेकिन गाड़ी जलकर राख हो गई।

 
हरियाणा समाचार हिंदी

चांग। गांव चांग निवासी डेंटल सर्जन डॉ. सुमित कुमार की चलती टाटा पंच कार में शनिवार शाम गांव मोहला के पास अचानक आग लग गई। बोनट से धुआं उठता देख उन्होंने तुरंत कार रोक दी। जैसे ही बोनट खोलकर जांच करने का प्रयास किया आग भड़क उठी।

डॉ. सुमित ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत कार से दूर हटकर अपनी जान बचाई जबकि कुछ ही देर में पूरी कार आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गई। हादसा उस समय हुआ जब डॉ. सुमित किसी निजी कार्य से सिवानी के गांव बेहरा जा रहे थे। कार में आग लगने की सूचना मिलते ही हाईवे पर राहगीरों की भीड़ जुट गई।

लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कार को नहीं बचाया जा सका। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।