वार्ड नंबर-25 में सीवरेज ब्लॉकेज व पेयजल लाईन लीकज की बनी समस्या

भिवानी :
स्थानीय वार्ड नंबर-25 के नारनौली महोल्ला, गोदारा बर्फ फैक्ट्री के आगे तथा नीम चौक पर पिछले कई माह से सीवरेज ब्लॉक व पेयजल लाईन लीकेज की समस्या बनी हुई है। जिसके कारण एक तरफ जहां बदबूमय माहौल बना हुआ है तो वही दूसरी तरफ क्षेत्र में महामारी फैलने का भय भी बना हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद भी समस्या ज्यो की त्यो बनी हुई है, जिसके चलते नागरिक गंदगी के बीच में अपना जीवन यापन करने को मजबूर है।
इस बारे में वार्ड नंबर-25 के पार्षद विनोद प्रजापति ने कहा कि क्षेत्रवासियों द्वारा कई बार नारनौली महोल्ला, गोदारा बर्फ फैक्ट्री के आगे, नीम चौक सीवरेज ब्लॉक व पेयजल लाइन लीकेज की समस्या से अवगत करवाया गया है। जिसके समाधान की गुहार उन्होंने संंबंधित विभाग के अधिकारियों के अलावा खुला दरबार में भी लगाई है। लेकिन समाधान नहीं हुआ।
उन्होंने कहा कि जब खुला दरबार में समस्या का समाधान ही नहीं किया जाता तो प्रशासन को इतना ड्रामा भी नहीं रचना चाहिए। पार्षद विनोद प्रजापति ने कहा कि यहां तक कि पेयजल लाईन के लिए पिछले डेढ़ वर्षो से 20 पाईप पड़े है, लेकिन उनको डालने की बजाए नागरिकों की परेशानी का तमाशा अधिकारी देख रहे है। पार्षद विनोद प्रजापति ने राज्यसभा सांसद किरण चौधरी, लोकसभा सांसद धर्मबीर सिंह व विधायक घनश्याम सर्राफ के समक्ष गुहार लगाते हुए कहा कि यदि शहर की सफाई व्यवस्था को पटरी पर लाना है तो पहले पब्लिक हैल्थ विभाग का सुधार करना होगा। क्योंकि शहर में अधिकत्तर समस्याएं पब्लिक हैल्थ विभाग की लापरवाही से ही पनपती है।
इस मौके पर क्षेत्रवासी सरोज जाखड़ व सपन कुमार ने कहा कि पिछले करीबन एक वर्ष से वे सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहे है तथा जब इस समस्या के समाधान की गुहार पार्षद व संबंधित विभाग के अधिकारियों के समक्ष लगाई जाती है तो कर्मचारी आकर एक बार तो सीवरेज साफ कर देते है, लेकिन दो-तीन दिन में फिर से सीवरेज ओवरफ्लो होने लगता है। उन्होंने कहा कि सीवरेज ओवरफ्लो रहने के कारण बच्चों को स्कूलों में तथा महिलाओं को मंदिर जाने के लिए भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। जिसके चलते यहां पर महामारी फैलने का भय भी बना हुआ है। उन्होंने विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान किए जाने गुहार लगाई।