Tohana News: टोहाना में भीषण सड़क हादसा; परीक्षा देकर लौट रही 3 छात्राओं को तेज रफ्तार कार ने कुचला, अस्पताल में भर्ती
टोहाना बस स्टैंड के सामने तेज रफ्तार डस्टर कार ने स्कूटी सवार 3 कॉलेज छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। बीकॉम की परीक्षा देकर लौट रही छात्राएं गंभीर रूप से घायल हैं। प्रशासन से स्पीड ब्रेकर की मांग को लेकर उठे सवाल। जानें पूरी घटना।
टोहाना : शहर के हिसार रोड को रतिया रोड से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित मुख्य बस स्टैंड के सामने एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार 3 लड़कियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीनों लड़कियां गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार घायल लड़कियों की पहचान गांव खनोरा निवासी दिव्या, टोहाना निवासी वंशिका व तमन्ना के रूप में हुई है। तीनों ही डिफेंस डिग्री कॉलेज में बीकॉम की परीक्षा देकर अपने घर लौट रही थीं। वे खनोरा निवासी दिव्या को बस स्टैंड पर छोड़ने जा रही थीं। जब वे टोहाना बस स्टैंड के पास पहुंचीं, तो हिसार रोड की तरफ से आ रही डस्टर कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। टोहाना बस अड्डा इंचार्ज सुरेश दहिया ने बताया कि तेज रफ्तार गाड़ी की टक्कर से तीन लड़कियां घायल हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाए गए होते तो यह हादसा टाला जा सकता था, और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग को लेकर प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है।

