Vinesh Phogat News: विनेश फोगाट के समर्थन में आई फोगाट खाप, WFI की कार्रवाई को बताया बेटियों का अपमान

कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट पर WFI के बैन के खिलाफ फोगाट खाप ने खोला मोर्चा। खाप प्रधान सुरेश फोगाट ने दी चेतावनी- बेटियों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं करेगा समाज।

 
Haryana Khap Panchayat Support Wrestlers

चरखी दादरी:अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान और कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के समर्थन में अब सर्वजातीय फोगाट खाप खुलकर सामने आ गई है. खाप प्रधान सुरेश फोगाट ने डब्ल्यूएफआई की ओर से की गई कार्रवाई को गलत ठहराते हुए कहा कि समाज अपनी बेटियों के साथ अन्याय बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगा. उन्होंने साफ कहा कि विनेश ने देश के लिए वर्षों तक संघर्ष किया है और उनका सम्मान पूरे समाज का सम्मान है.

"देश का नाम रोशन किया":खाप प्रधान सुरेश फोगाट ने कहा कि, "विनेश फोगाट ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीतकर भारत और हरियाणा का नाम रोशन किया है. विधायक बनने के बाद भी उनके अंदर देश के लिए मेडल जीतने का वही जज्बा मौजूद है.ऐसे खिलाड़ी के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई खिलाड़ियों का मनोबल तोड़ने वाली है."

WFI कार्रवाई पर जताया विरोध: सुरेश फोगाट ने डब्ल्यूएफआई द्वारा लगाए गए प्रतिबंध पर नाराजगी जताते हुए कहा कि, "अगर बेटियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार होगा तो फोगाट खाप हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी. जरूरत पड़ने पर पूरे हरियाणा की खाप पंचायतें एकजुट होकर विनेश के समर्थन में उतरेंगी."

26 जून तक अयोग्य घोषित: दरअसल, विनेश फोगाट को 26 जून तक अयोग्य घोषित किया गया है. उन पर डोपिंग नियमों के उल्लंघन और अनुशासनहीनता के आरोप लगाए गए हैं. प्रतियोगिता से पहले उन्हें 15 पेज का नोटिस भी जारी किया गया था. वहीं, कुछ दिन पहले विनेश ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया था कि उन्हें टूर्नामेंट में खेलने से रोकने की कोशिश की जा रही है.