विनेश फोगाट की कुश्ती में वापसी; महावीर फोगाट ने बृजभूषण पर साधा निशाना
विनेश फोगाट गोंडा में नेशनल कुश्ती टूर्नामेंट से करेंगी वापसी। महावीर फोगाट ने विनेश का समर्थन कर संघ और बृजभूषण शरण सिंह पर उठाए गंभीर सवाल।
चरखी दादरी: कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट एक बार फिर से कुश्ती में वापसी को तैयार हैं. विनेश उत्तर प्रदेश के गोंडा में राष्ट्रीय ओपन रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट में भाग लेने वाली हैं. जहां वो महिलाओं के 57 किलोग्राम भार वर्ग में प्रतिस्पर्धा करेंगी. इस प्रतियोगिता से पहले उन्होंने वीडियो जारी कर कुछ सवाल उठाए. अब द्रोणाचार्य अवॉर्डी कोच महावीर फोगाट ने विनेश फोगाट का समर्थन किया है.
महावीर फोगाट ने किया विनेश फोगाट का समर्थन: द्रोणाचार्य अवार्डी कोच महावीर फोगाट ने विनेश फोगाट द्वारा जारी वीडियो में उठाए गए मुद्दों का खुलकर समर्थन किया. उन्होंने कुश्ती महासंघ की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बावजूद व्यवस्था में कोई ठोस बदलाव नजर नहीं आ रहा.
'बृजभूषण शरण सिंह का प्रभाव': महावीर फोगाट ने आरोप लगाया कि पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का प्रभाव अब भी बना हुआ है और मौजूदा संघ प्रमुख संजय सिंह उनके इशारों पर काम कर रहे हैं. खिलाड़ियों को उनकी पसंद के अनुसार कोच नहीं मिलेंगे, तो इसका सीधा उनके प्रदर्शन पर पड़ेगा. उन्होंने ये भी कहा कि राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के लिए दिल्ली व आसपास के क्षेत्र अधिक उपयुक्त हैं, जहां बेहतर बुनियादी ढांचा और खिलाड़ियों की संख्या उपलब्ध है.
केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग: गोंडा में प्रतियोगिता आयोजित करने पर उन्होंने कहा कि वहां निष्पक्षता पर सवाल उठ सकते हैं और किसी भी तरह की गड़बड़ी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने केंद्र सरकार और खेल मंत्रालय से मामले में हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि "खिलाड़ियों को उनका अधिकार मिलना चाहिए. यदि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और योग्य कोच मिलेंगे, तो देश के लिए पदकों की संख्या में निश्चित रूप से बढ़ोतरी होगी."
विनेश फोगाट के आरोप: विनेश फोगाट का आरोप है कि जहां ये टूर्नामेंट हो रहा है, वो जगह भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व प्रमुख बृज भूषण शरण सिंह के अंडर में आती है. इसी वजह से उन्होंने अपने वीडियो संदेश में प्रतियोगिता में पक्षपातपूर्ण फैसलों की आशंका भी जताई. साथ में ये भी कहा कि अगर टूर्नामेंट के दौरान उनके या उनकी टीम के सदस्यों के साथ कुछ भी अप्रिय घटना होने पर भारत सरकार जिम्मेदार होगी. विनेश ने कहा, 'प्रतियोगिता के दौरान अगर मेरे, मेरी टीम या समर्थकों के साथ कोई अप्रिय घटना घटती है तो इसके लिए भारत सरकार जिम्मेदार होगी.' उन्होंने प्रतियोगिता के दौरान पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए मीडिया और खेल समुदाय से आयोजन स्थल पर उपस्थित रहने का आग्रह किया.

