यमुनानगर: छछरौली बाजार में चला प्रशासन का 'पीला पंजा', व्यापारियों का भारी विरोध
यमुनानगर के छछरौली बाजार में अतिक्रमण पर जिला प्रशासन का बड़ा एक्शन। भारी पुलिस बल के साथ हटाए गए अवैध कब्जे। व्यापारियों ने जलभराव का मुद्दा उठाकर जताया कड़ा रोष।
यमुनानगर : यमुनानगर के छछरौली बाजार में जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने को लेकर बड़ा एक्शन लिया है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बाजार के दोनों ओर पीले पंजे यानी बुलडोजर चलाए गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में जबरदस्त नाराजगी देखने को मिल रही है। लंबे समय से बाजार में अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू की। लेकिन जैसे ही ये कार्रवाई शुरू हुई, दुकानदारों ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया। उनका कहना है कि प्रशासन केवल अतिक्रमण हटाने के समय ही सक्रिय होता है, जबकि जब बाजार की सड़कों पर एक-एक हफ्ते तक पानी भरा रहता है, तब कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचता।
यमुनानगर के छछरौली बाजार में आज जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बाजार के दोनों तरफ बुलडोजर चलाकर अवैध कब्जों को हटाया गया। इस दौरान दुकानदारों ने प्रशासन की कार्रवाई का जोरदार विरोध किया। उनका कहना है कि प्रशासन केवल तोड़फोड़ करने आता है, लेकिन जब बाजार में जलभराव जैसी समस्याएं होती हैं, तब कोई सुनवाई नहीं होती। मौके पर PWD, पब्लिक हेल्थ विभाग और छछरौली थाना पुलिस मौजूद रही। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के रूप में नायब तहसीलदार आनंद रावल ने पूरे अभियान की निगरानी की। प्रशासन का दावा है कि यह कार्रवाई बाजार को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए की गई है, जिससे लोगों को आने-जाने में सहूलियत हो सके। प्रशासन का कहना है कि बाजार को पूरी तरह कब्जा मुक्त करने के लिए ये कदम उठाया गया है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके। फिलहाल इलाके में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बताई जा रही है।

