Double Firing Incidents in Yamunanagar: बदमाशों ने मचाया आतंक, चुना भट्टी में हत्या के बाद मुसिंबल गांव में चली गोलियां

यमुनानगर में देर रात बदमाशों ने दो अलग-अलग जगहों पर की ताबड़तोड़ फायरिंग। जगाधरी में एक की मौत, दो घायल।
 
Musimbal village firing

यमुनानगर : यमुनानगर में देर रात बदमाशों ने दो अलग-अलग जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैला दी। पहली वारदात जगाधरी के चुना भट्टी इलाके में एक क्रेन सर्विस स्टेशन के ऑफिस में हुई, जहां फायरिंग में ऋषिपाल की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। पुलिस इस वारदात की जांच में जुटी ही थी कि गांव मुसिंबल में सरपंच के घर पर भी फायरिंग की सूचना मिली।

जगाधरी चुना भट्टी इलाके की गंगानगर कॉलोनी में देर रात एक क्रेन सर्विस स्टेशन के ऑफिस में तीन लोग बैठे हुए थे। इसी दौरान हेलमेट और चेहरे ढके हुए दो बदमाश ऑफिस में दाखिल हुए और फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, बदमाशों के निशाने पर ऋषिपाल था। उस पर की गई फायरिंग में ऋषिपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। 

वारदात के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने कई राउंड फायर किए और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस इस मामले की जांच कर ही रही थी कि गांव मसिंबल में सरपंच के घर पर फायरिंग की सूचना मिली। पुलिस के मुताबिक, यहां भी कई राउंड फायर किए गए। हालांकि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घर के आंगन में खड़ी कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। दोनों वारदातों के बाद पुलिस ने इलाके में जांच तेज कर दी है।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ऋषिपाल की हत्या के पीछे क्या वजह थी और हमलावरों का मकसद क्या था। पुलिस के मुताबिक, ऋषिपाल ही बदमाशों के निशाने पर था। ऋषिपाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दोनों घायलों का इलाज जारी है। वहीं, मुसिंबल गांव में हुई फायरिंग की घटना की भी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों घटनास्थलों का दौरा किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों वारदातों में शामिल बदमाशों के हुलिए में समानता सामने आई है। एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दूसरे ने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। इसी आधार पर पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संभावित संबंध की जांच कर रही है। यमुनानगर में हाल के दिनों में हुई फायरिंग की घटनाओं के बीच देर रात सामने आई इन दो वारदातों से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।