Jaswinder Missing Case Yamunanagar: दादूपुर हेड के पास से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हुआ युवक, गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

यमुनानगर के दादूपुर हेड के पास नहर किनारे युवक की बाइक और सामान मिलने से हड़कंप मच गया है। पुलिस और गोताखोर तलाश कर रहे हैं।
 
यमुनानगर लापता युवक

यमुनानगर : दादूपुर हेड से सामने आई एक खबर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ब्राह्मणमाजरा गांव का निवासी 30 वर्षीय जसविंदर शुक्रवार से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता है। नहर किनारे जसविंदर की लावारिस बाइक, चप्पल और चश्मा मिलने के बाद उसके नहर में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम ने नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

परिजनों के अनुसार, जसविंदर शुक्रवार से घर नहीं लौटा था। लापता होने से पहले उसने अपने एक रिश्तेदार को फोन कर कहा था कि वे नहर किनारे से उसकी बाइक ले जाएं। इसके तुरंत बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सोशल मीडिया पर दादूपुर हेड के पास लावारिस बाइक और सामान की वीडियो देखकर परिजन मौके पर पहुंचे, जहां जसविंदर की बाइक के साथ उसकी चप्पल और चश्मा भी पड़े मिले।

पानी के तेज बहाव के कारण तलाशी अभियान में रुकावट
घटना की जानकारी मिलते ही छछरौली और बुड़िया पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और गोताखोरों की मदद से नहर में जसविंदर की तलाश शुरू की गई।कई घंटे चले तलाशी अभियान के बावजूद जसविंदर का कोई सुराग नहीं मिल सका। नहर में पानी का बहाव बेहद तेज होने के कारण गोताखोरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस और गोताखोरों को आशंका है कि पानी के तेज बहाव के कारण शव रेत में दब गया हो सकता है।

परिवार का इकलौता चिराग था जसविंदर
जसविंदर के भाई ने बताया कि अभी तक इस कदम के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। जसविंदर अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह शादीशुदा है और उसका 7-8 साल का एक बेटा भी है। इस घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।