यमुनानगर: जान जोखिम में डाल रहे युवक, दादूपुर हेड पर न नहाने की अपील

यमुनानगर के दादूपुर हेड पर यमुना नदी में नहाने वालों की बढ़ती भीड़ से प्रशासन चिंतित। सिंचाई विभाग ने चेताया- लापरवाही छीन सकती है जान, सुरक्षित रहें।

 
यमुनानगर सुरक्षा अलर्ट,

यमुनानगर : यमुनानगर में भीषण गर्मी के बीच लोग राहत पाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। तस्वीरें दादूपुर हेड के पास यमुना नदी की हैं, जहां बड़ी संख्या में युवक गहरे पानी में उतरकर नहा रहे हैं और ऊंचाई से छलांग लगाकर मौत को खुली चुनौती दे रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि सिंचाई विभाग की लगातार चेतावनी और अलर्ट के बावजूद लोग मानने को तैयार नहीं हैं। 

चेतावनियों को नजरअंदाज कर देते हैं लोग

गर्मी बढ़ते ही हर साल यमुना नदी के किनारे लोगों की भीड़ लग जाती है, लेकिन नदी का तेज बहाव और गहरे गड्ढे कब किसी की जिंदगी छीन लें, इसका अंदाजा किसी को नहीं होता। इसके बावजूद युवक लापरवाही से नदी में डुबकियां लगा रहे हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारी अजय कटारिया का कहना है कि विभाग की सुरक्षा टीम समय-समय पर लोगों को समझाती है कि यहां नहाना बेहद खतरनाक है। लगातार जागरूक किया जाता है, लेकिन लोग चेतावनियों को नजरअंदाज कर देते हैं। उनका कहना है कि लोगों का रुझान नदी में नहाने की तरफ है, ऐसे में विभाग समझाने का काम लगातार कर रहा है, लेकिन हर व्यक्ति को अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी खुद उठानी होगी। 

पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है लापरवाही

गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में यमुनानगर में यमुना नदी में नहाते समय हर साल कई लोगों की डूबने से मौत हो जाती है। अधिकांश हादसे लापरवाही, गहराई का सही अंदाजा न होने और तेज बहाव की वजह से होते हैं। इसके बावजूद लोग सबक लेने को तैयार नहीं दिख रहे। ऐसे में प्रशासन और सिंचाई विभाग की अपील है कि कोई भी व्यक्ति यमुना नदी में नहाने या गहरे पानी में उतरने की गलती न करें। कुछ मिनटों की लापरवाही पूरे परिवार की खुशियां छीन सकती है। गर्मी से राहत पाने के कई सुरक्षित विकल्प हैं, लेकिन जिंदगी का कोई दूसरा विकल्प नहीं। इसलिए सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।