Gangster Shubham Pandit Audio: यमुनानगर फाइनेंसर हत्याकांड में आया नया मोड़, पुलिस के हाथ अब तक खाली

ट्रांसपोर्टर हरभजन सिंह जैदी हत्याकांड में गैंगस्टर शुभम पंडित की धमकी भरी ऑडियो वायरल। पुलिस की जांच जारी।
 
Dilbag Singh INLD

यमुनानगर : यमुनानगर के मॉडल टाउन स्थित जिम के बाहर 3 सितंबर को हुई ट्रांसपोर्टर व फाइनेंसर हरभजन सिंह जैदी की निर्मम हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। हत्या की जिम्मेदारी लेने के बाद अब गैंगस्टर शुभम पंडित की एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, जिसने शहर में फिर से दहशत फैला दी है।

वायरल ऑडियो में गैंगस्टर ने सीधे-सीधे इनेलो के पूर्व विधायक दिलबाग सिंह और उनके करीबियों पर निशाना साधा है। शुभम पंडित का दावा है कि उसकी असली दुश्मनी पूर्व विधायक से है और जो भी उनका साथ देगा, उसका अंजाम हरभजन जैसा ही होगा। ऑडियो में गैंगस्टर ने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही एक और 'सरप्राइज' मिलने वाला है, जिसमें शख्स के सिर पर 50 गोलियां मारी जाएंगी ताकि उसकी पहचान भी न हो सके।

ऑडियो में गैंगस्टर ने पुलिस प्रशासन को भी दूर रहने की नसीहत देते हुए कहा है कि यह उनकी आपसी दुश्मनी है, इसलिए पुलिस बीच में न पड़े तो बेहतर होगा। हालांकि, इस वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इसने पूर्व विधायक के नजदीकी लोगों और समर्थकों की चिंता बढ़ा दी है।

5 दिन बीते, सीसीटीवी फुटेज के बावजूद खाली हाथ पुलिस
हत्याकांड को 5 दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। हालांकि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज मिली है, जिसमें एक बाइक पर दो शूटर भागते नजर आ रहे हैं, लेकिन उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात और गैंगस्टर की बार-बार आ रही धमकियों से पूरे शहर में खौफ का माहौल है।