यमुनानगर: 'नशे से जंग' मैराथन का शुभारंभ, सीएम सैनी ने भरे हुंकार

यमुनानगर में 'नशे से जंग-यमुनानगर के संग' मैराथन का भव्य आगाज हुआ। सीएम नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर युवाओं का हौसला बढ़ाया। एक लाख से अधिक लोग शामिल।

 
Jagadhri marathon 2026

यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर (जगाधरी) में नशे के खिलाफ एक भव्य जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत हुई। राज्य के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 'नशे से जंग, यमुनानगर के संग' मैराथन दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पूरे शहर में देशभक्ति और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला, जहाँ युवाओं ने नशे के खिलाफ एकजुट होकर संदेश दिया।

मंच से युवाओं और आम जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश और प्रदेश की असली ताकत हमारे युवा हैं। उन्हें नशे से दूर रहकर स्वस्थ रहना चाहिए और देश की एकता व अखंडता के लिए समर्पित होकर काम करना चाहिए।

अभिभावकों की जिम्मेदारी पर जोर देते हुए सीएम ने कहा कि "माता-पिता को अपने बच्चों के साथ समय बिताना चाहिए, उनसे चर्चा करनी चाहिए। अक्सर अकेलापन ही बच्चों को गलत दिशा और नशे की ओर ले जाता है। संवाद ही इसका सबसे बड़ा समाधान है।"इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही आज पूरा विश्व 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाता है, जो स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। मैराथन में 1 लाख से अधिक स्कूली बच्चों, कॉलेज के छात्रों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों ने हिस्सा लिया।  जैसे ही मैराथन शुरू हुई, मुख्यमंत्री नायब सैनी ने मंच से दौड़ रहे युवाओं पर फूल बरसाकर उनका हौसला बढ़ाया।