यमुनानगर सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को कुचला, एक की मौत

यमुनानगर के साढ़ौरा-मुलाना रोड पर भीषण सड़क हादसा। ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल। पुलिस ने शुरू की जांच।

 
पुलिस जांच यमुनानगर

यमुनानगर : यमुनानगर जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में बाइक आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे जा घुसी और एक युवक की मौके पर ही जान चली गई।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना वीरवार देर रात साढ़ौरा-मुलाना रोड पर गांव कनीपला के पास की है। मृतक की पहचान गांव सरदेहड़ी निवासी 28 वर्षीय गुरमीत के रूप में हुई है। गुरमीत दो बच्चों का पिता था। गुरमीत अपने साथी प्रवीन के साथ बाइक पर सवार होकर काम खत्म करने के बाद घर लौट रहा था। गांव कनीपला के निकट उनकी बाइक ट्रक से टकरा गई। हादसे में गुरमीत के सिर पर गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रवीन गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घायल प्रवीन को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साढ़ौरा भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जगाधरी की मोर्चरी में रखवा दिया है। वहीं ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।