Yamunanagar Floods: नकटी नदी के तेज बहाव से टूटी कब्रिस्तान की दीवार, कब्रों पर मंडराया संकट; प्रशासन से गुहार
यमुनानगर : यमुनानगर के साढोरा में नकटी नदी का कहर अब सीधे कब्रिस्तान की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। तेज बहाव और ओवरफ्लो पानी खेतों से होता हुआ कब्रिस्तान तक पहुंच गया और पानी के दबाव के चलते कब्रिस्तान की सुरक्षा दीवार ढह गई। दीवार गिरने के बाद स्थानीय मुस्लिम समुदाय में भारी रोष है। लोगों का कहना है कि नदी का बहाव लगातार तेज रहा तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि कब्रिस्तान की सुरक्षा दीवार टूटने के बाद पानी का बहाव कब्रों तक पहुंच सकता है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि हर बार बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर के दौरान खतरा सामने आता है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में पर्याप्त कदम नहीं उठाए गए। अब सवाल यह है कि आखिर प्रशासन किसी बड़े नुकसान का इंतजार क्यों कर रहा है?
लोगों की मांग है कि प्रशासन तत्काल मौके का निरीक्षण करे और कब्रिस्तान की सुरक्षा के लिए मजबूत इंतजाम किए जाएं। सिर्फ अस्थायी कार्रवाई से काम नहीं चलेगा, क्योंकि नदी का तेज बहाव दोबारा इसी तरह की स्थिति पैदा कर सकता है। मुस्लिम समुदाय ने साफ कहा है कि कब्रिस्तान उनके लिए बेहद संवेदनशील और आस्था से जुड़ा स्थान है। इसकी सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अब निगाहें प्रशासन पर हैं क्या कब्रिस्तान की सुरक्षा के लिए तुरंत ठोस कदम उठेंगे, या फिर पानी का अगला तेज बहाव किसी बड़े नुकसान का कारण बनेगा?

