भिवानी पुलिस की चेतावनी: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा ऐप्स के जाल में न फंसें युवा, SP सुमित कुमार ने दी सख्त हिदायत
Bhiwani halchal : पुलिस अधीक्षक भिवानी सुमित कुमार के निर्देशानुसार जिला पुलिस भिवानी द्वारा आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं को अवगत कराया जाता है कि वर्तमान समय में कुछ तथाकथित क्रिकेट ऐप्स एवं ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा लगाने की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ रही है। ये ऐप्स आकर्षक ऑफर, बोनस और आसान कमाई का लालच देकर युवाओं को अपने जाल में फंसा रही हैं।
जांच में पाया गया है कि इन ऐप्स के माध्यम से कई मामलों में आर्थिक धोखाधड़ी की घटनाएं सामने आई हैं। प्रारंभ में छोटी राशि जीतने का प्रलोभन दिया जाता है, तत्पश्चात बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया जाता है। बाद में संबंधित व्यक्तियों का पैसा फ्रीज कर दिया जाता है या ऐप अचानक बंद कर दी जाती है, जिससे निवेशक आर्थिक नुकसान का शिकार हो जाते हैं।
जिला पुलिस भिवानी आम नागरिकों एवं युवाओं से अपील करती है कि वे किसी भी प्रकार की अवैध सट्टेबाजी या संदिग्ध ऑनलाइन क्रिकेट ऐप में धनराशि निवेश न करें। यह न केवल आर्थिक हानि का कारण बन सकता है, बल्कि कई मामलों में कानूनी जटिलताओं का भी सामना करना पड़ सकता है। त्वरित लाभ के लालच में लिया गया निर्णय भविष्य में गंभीर परिणाम दे सकता है।
यदि किसी व्यक्ति के साथ ऐसे किसी क्रिकेट सट्टा ऐप या ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से धोखाधड़ी की जाती है, तो वह तुरंत अपने नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाए या साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दे। शिकायत प्राप्त होने पर जिला पुलिस भिवानी द्वारा मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
जिला पुलिस भिवानी पुनः स्पष्ट करती है कि अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आमजन की सुरक्षा एवं युवाओं के भविष्य की रक्षा जिला पुलिस की प्राथमिकता है। सभी नागरिकों से अनुरोध है कि जागरूक रहें, सतर्क रहें और दूसरों को भी ऐसे फर्जी एवं अवैध प्लेटफॉर्म से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।

