चंडीगढ़ किसान रैली: सेक्टर-34 में महापड़ाव, ट्रैफिक डायवर्ट, पढ़ें एडवाइजरी
चंडीगढ़ में किसान महापड़ाव के चलते ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की। सेक्टर-34 में भारी भीड़ की संभावना। किन रास्तों से बचें और क्या हैं वैकल्पिक मार्ग? जानें यहाँ।
चंडीगढ़: संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के आह्वान पर शुक्रवार को सेक्टर-34 स्थित प्रदर्शनी ग्राउंड में किसान महापड़ाव और रैली आयोजित की जाएगी. इसे देखते हुए चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से यात्रा की पहले से योजना बनाने और संभव हो तो वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है.
चंडीगढ़ ट्रैफिक ए़डवाइजरी: चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव रहेगा. सुरक्षा व्यवस्था और किसानों के वाहनों की आवाजाही को देखते हुए कुछ स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा, जबकि कुछ सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सीमित रहेगी.रैली में पंजाब के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहनों के साथ पहुंचने की संभावना है. इसी को देखते हुए सेक्टर-34 और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है.

इन मार्गों पर रहेगा असर: सेक्टर 20/21-33/34 चौक से सेक्टर 18/19-20/21 चौक की ओर जाने वाला मार्ग. उद्योग पथ और सेक्टर-34 के आसपास के संपर्क मार्ग. रैली स्थल के आसपास जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा.
चंडीगढ़ में किसानों का विरोध प्रदर्शन: संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौता कृषि, डेयरी और छोटे उद्योगों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है. किसानों का आरोप है कि इसके लागू होने से सस्ते विदेशी कृषि उत्पाद भारतीय बाजार में आएंगे, जिससे स्थानीय किसानों की आय प्रभावित होगी. इसके अलावा किसान पंजाब सरकार की नई भूमि पूलिंग नीति का भी विरोध करेंगे. उनका कहना है कि यह नीति किसानों के हितों के खिलाफ है और कृषि भूमि पर प्रतिकूल असर डाल सकती है.
चंडीगढ़ ट्रैफिक पुलिस की लोगों से अपील: ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनावश्यक रूप से रैली वाले क्षेत्र में जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके.

