Haryana News: रबी सीजन के लिए बीज वितरण की तैयारी, कृषि मंत्री ने दी ₹4 करोड़ के बैग खरीद को मंजूरी

हरियाणा के किसानों को समय पर मिलेंगे प्रमाणित गेहूं के बीज। कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बीज पैकिंग के लिए 4 करोड़ रुपये के बैग खरीदने और प्रसंस्करण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

 
High Powered Purchase Committee Meeting Haryana

चंडीगढ़: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार ने आगामी रबी मौसम के लिए किसानों को समय पर प्रमाणित गेहूं के बीज उपलब्ध कराने की अग्रिम तैयारियां शुरू कर दी हैं।

आज उच्चाधिकार प्राप्त खरीद समिति (High Powered Purchase Committee) की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद उन्होंने बताया कि बीज पैकिंग के लिए लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से बैग खरीदने की मंजूरी दे दी गई है। यह निर्णय बीज वितरण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कृषि मंत्री ने कहा कि हरियाणा बीज विकास निगम के लिए हाई डेंसिटी पॉलीथीन (HDPE) बैग और जूट के बैग की खरीद से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि मौसम शुरू होने से पहले इन बैगों की अग्रिम खरीद का मुख्य उद्देश्य बीज प्रसंस्करण (processing) का कार्य समय पर पूरा करना है, ताकि किसी भी प्रकार की देरी न हो।

उन्होंने आगे कहा कि प्रसंस्करण और पैकिंग का कार्य पूरा होने के बाद, राज्य के किसानों को बुवाई से पहले ही उच्च गुणवत्ता वाले प्रमाणित बीज रियायती दरों पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे किसानों को बेहतर उत्पादन प्राप्त करने और कृषि उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।  राणा ने कहा कि आज लिए गए निर्णयों से हिसार, सिरसा, टोहाना, यमुनानगर, पटौदी और उमरी स्थित हरियाणा बीज विकास निगम की इकाइयों में बीज प्रसंस्करण और पैकिंग का कार्य समय पर सुनिश्चित किया जाएगा। इन इकाइयों में कार्य के सुचारू प्रबंधन से राज्य की बीज आपूर्ति प्रणाली और अधिक सुदृढ़ होगी।

उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों के हितों की रक्षा करने और उन्हें गुणवत्तापूर्ण कृषि संसाधन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि कृषि को और अधिक लाभदायक बनाया जा सके।