Haryana Cotton Farmers Subsidy: कपास किसानों को ₹4,000 तक की सब्सिडी, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा का बड़ा ऐलान
चंडीगढ़ : हरियाणा के कृषि और किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कपास किसानों के हित में बड़ा फैसला लिया है। मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार ने कपास का उत्पादन बढ़ाने और फ़सलों को कीटों से बचाने के मकसद से किसानों को सूक्ष्म पोषक तत्व (Micronutrients) और एकीकृत कीट प्रबंधन (Integrated Pest Management- IPM) से जुड़ी कृषि सामग्री पर सब्सिडी देने का फ़ैसला किया है।
इस खास योजना के तहत, राज्य के कपास उगाने वाले किसान ज़्यादा से ज़्यादा 4,000 रुपये तक की सब्सिडी पा सकते हैं।
मंत्री राणा ने कहा कि किसानों को माइक्रोन्यूट्रिएंट्स और इंटीग्रेटेड पेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े कृषि इनपुट की खरीद पर 50 प्रतिशत या 2,000 रुपये प्रति एकड़ (जो भी कम हो) की सब्सिडी दी जाएगी, इसकी अधिकतम सीमा दो एकड़ तय की गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि खरीद चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार की सिफारिशों के अनुसार अर्ध-सरकारी, सहकारी समितियों या अधिकृत विक्रेताओं से करनी होगी। इसके बाद, सब्सिडी पाने के लिए किसानों को अपने खरीद बिल कृषि विभाग के आधिकारिक पोर्टल www.agriharyana.gov.in पर अपलोड करने होंगे।
कृषि और किसान कल्याण मंत्री ने आगे बताया कि विभाग ने बिल अपलोड करने की आखिरी तारीख 15 सितंबर 2026 तय की है। पात्र किसान समय रहते इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।