धान की सीधी बुवाई: हरियाणा सरकार देगी 4,500 रुपये प्रति एकड़ अनुदान

हरियाणा के किसानों के लिए खुशखबरी! धान की सीधी बुवाई पर सरकार दे रही है 4,500 रुपये प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि। जानें आवेदन की अंतिम तिथि और पूरी प्रक्रिया।

 
धान की खेती में पानी की बचत,

गोहाना : हरियाणा सरकार धान की सीधी बुवाई को बढ़ावा देने के लिए किसानों को प्रति एकड़ 4,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि दे रही है। सरकार का उद्देश्य पानी की बचत के साथ-साथ खेती की लागत को कम करना है। गोहाना में कृषि विभाग किसानों को सीधी बुवाई अपनाने के लिए लगातार जागरूक कर रहा है।

गोहाना के कृषि विभाग के एसडीओ राजेंद्र कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार पिछले कई वर्षों से धान की सीधी बुवाई को प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तकनीक से लगभग 20 प्रतिशत पानी की बचत होती है और मजदूरी पर होने वाला खर्च भी कम हो जाता है। सरकार किसानों को प्रति एकड़ 4,500 रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान कर रही है।

उन्होंने बताया कि किसानों को 25 जून तक धान की सीधी बुवाई पूरी करनी है। गोहाना क्षेत्र में इस वर्ष करीब 8,500 एकड़ भूमि में धान की सीधी बुवाई का लक्ष्य रखा गया है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे धान की बुवाई या रोपाई के बाद अपना पंजीकरण पोर्टल पर अवश्य करवाएं ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।

एसडीओ ने किसानों को सलाह दी कि धान की फसल में खरपतवार की समस्या को कम करने के लिए समय पर उचित दवा का छिड़काव करें, जिससे फसल की अच्छी बढ़वार सुनिश्चित हो सके।