Julana Mandi: नए नियमों के खिलाफ ढोल-नगाड़ों के साथ बैलगाड़ी पर गेहूं लेकर पहुंचा किसान

जुलाना मंडी में किसान नरेश ढांडा का अनोखा विरोध। ट्रैक्टर पर नंबर प्लेट और बायोमेट्रिक नियमों के खिलाफ बैलगाड़ी में लाए गेहूं। ढोल बजाकर दर्ज कराया विरोध।

 
जुलाना मंडी गेट पास

जुलाना : नई अनाज मंडी में वीरवार को एक किसान ने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज करवाया। गतौली गांव निवासी किसान नरेश ढांडा अपनी गेहूं की फसल ट्रैक्टर-ट्रॉली की बजाय बैलगाड़ी में भरकर मंडी पहुंचा। खास बात यह रही कि बैलगाड़ी के आगे एक व्यक्ति ढोल बजाता हुआ चल रहा था, जिससे यह दृश्य आकर्षण का केंद्र बन गया और मंडी में मौजूद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।

मंडी पहुंचने पर नरेश ढांडा को बिना किसी परेशानी के गेट पास जारी कर दिया गया। इस दौरान किसान ने सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आए दिन नए-नए नियम लागू किए जा रहे हैं, जिनसे किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टरों पर नंबर प्लेट अनिवार्य करना और बायोमेट्रिक प्रणाली लागू करना किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है।

नरेश ढांडा ने कहा कि कई बार छोटे किसानों के पास जरूरी दस्तावेज या तकनीकी सुविधाएं नहीं होतीं, जिससे उन्हें मंडी में फसल बेचने में बाधाएं आती हैं। इसी के विरोध में उन्होंने बैलगाड़ी के माध्यम से फसल लाकर यह संदेश देने की कोशिश की है कि पुराने तरीकों से भी किसान अपना काम आसानी से कर सकता है।

मंडी में मौजूद मार्केट कमेटी के कर्मचारियों ने बताया कि बैलगाड़ी में फसल लाने वाले किसानों को गेट पास देने में कोई दिक्कत नहीं होती, क्योंकि बैलगाड़ी पर नंबर प्लेट की अनिवार्यता नहीं है।