Haryana Dhan Kharid Update: कुरुक्षेत्र में किसानों की मांगें पूरी, डीसी और किसान नेताओं की बैठक के बाद खत्म हुआ हाईवे जाम

कुरुक्षेत्र में प्रशासन के साथ बैठक के बाद किसानों ने समाप्त किया धरना। धान की सरकारी खरीद और बाजरे को लेकर बनी सहमति।
 
Dhan kharid Haryana

कुरुक्षेत्र : हरियाणा के कुरुक्षेत्र में किसानों की प्रशासन के साथ बैठक के बाद किसानों की सहमति बन गई है और धान खरीदी को लेकर चल रहा धरना समाप्त कर दिया गया है.

बातचीत के बाद बनी सहमति : गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने बोलते हुए कहा की मीटिंग में बातचीत के बाद सहमति बन गई है. धान की सरकारी खरीद परसों से शुरू होगी, लेकिन अब तक या फिर आने वाले कल तक जितने भी धान अनाज मंडी में पहुंचेगी, इसकी खरीद सरकार के द्वारा की जाएगी. हालांकि उसका जे फॉर्म परसों से ही काटा जाएगा लेकिन उसकी बायोमेट्रिक आज और कल हो जाएगी, उसको दोबारा मंडी में आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी.

बाजरे की खरीद भी जल्द शुरू होगी : वहीं उन्होंने कहा कि अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल जहां पर धान की अर्ली वैरायटी लगाई जाती है, वहां पर राज्य सरकार केंद्र सरकार से अगले सीजन में 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू करने की अपील करेगी और लिखित में यह भेजा जाएगा ताकि किसानों को अपनी फसल बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या ना हो. वहीं उन्होंने कहा कि बाजरे की खरीद भी जल्द ही शुरू कर दी जाएगी, इस पर भी सरकार के लोगों के साथ उनकी बातचीत हुई है. हालांकि किसानों को लाठियां खानी पड़ी है लेकिन सरकार ने अब उनकी बात मान ली है तो किसानों को काफी राहत मिली है जिसके चलते अब वे अपना धरना प्रदर्शन यहां पर खत्म कर रहे हैं.

कल से शुरू होगी धान की खरीद : जिला उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि मीटिंग में किसान की समस्या का हल हो गया है. किसानों को धान खरीद में किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी. किसानों की सुविधा के लिए कल से तुलाई शुरु होने और परसों यानी 25 सितंबर से गेट पास कटने पर फैसला हुआ. किसानों को दोबारा बायोमैट्रिक के लिए नहीं आना होगा. जहां उनकी ढेरी लगी होगी, वहीं प्रशासन की टीम उनकी यह समस्या हल कराएगी. इस फैसले के बाद किसानों ने धरना खत्म कर दिया.

धरने पर बैठे थे किसान : आपको बता दें कि किसान सुबह से ही बराड़ा हाईवे पर धरने पर बैठे थे. दोपहर करीब 12 बजे किसानों ने हाईवे की तरफ जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बैरिकेड लगा कर रोक लिया. इसके बाद किसानों को किसी तरह मनाकर रेस्ट हाउस बुलाया गया, जहां गुरनाम सिंह चढ़ूनी और DC विश्राम कुमार मीणा के बीच बंद कमरे में दो घंटे मीटिंग हुई जिसके बाद किसानों ने धरना समाप्त कर दिया और इसे अपनी जीत बताते हुए किसानों ने हाईवे पर डांस भी किया.