नूंह-मेवात: मानसून का इंतजार, भीषण गर्मी और बारिश न होने से किसान परेशान

मेवात में भीषण गर्मी और बारिश में देरी से खेती-किसानी प्रभावित। जून बीतने के बाद भी मानसूनी बारिश न होने से किसानों की बुवाई अटकी। जानें क्या है हालात।

 
नूंह मौसम समाचार

नूंहः मेवात क्षेत्र में इन दिनों भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है. तेज धूप और बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. केवल इंसान ही नहीं, बल्कि पशु-पक्षी भी गर्मी से बुरी तरह परेशान हैं. जून का पूरा महीना समाप्त होने के बावजूद क्षेत्र में अपेक्षित वर्षा नहीं होने से किसानों की चिंताएं भी बढ़ गई हैं. किसान अब मानसूनी बारिश का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, क्योंकि बारिश में देरी के कारण फसलों की बुवाई प्रभावित हो रही है.

बुवाई के लिए किसान ट्यूबवेल और नहरों पर आश्रितः मेवात निवासी मोहम्मद रफीक ने बताया कि "समय पर बारिश नहीं होने से किसान काफी चिंतित हैं. सामान्य परिस्थितियों में जून माह के अंत तक 60 से 70 प्रतिशत तक बुवाई का कार्य पूरा हो जाता है, लेकिन इस बार वर्षा की कमी के चलते खेतों में बुवाई नहीं हो पा रही है." उन्होंने कहा कि "यदि समय पर बारिश हो जाती तो फसलों की बिजाई भी समय पर शुरू हो जाती. फिलहाल किसान ट्यूबवेल, ट्रैक्टर चालित सिंचाई साधनों और नहरों पर निर्भर हैं, जिससे खेती की लागत भी बढ़ रही है."

जून के अंत तक बारिश नहीं होना चिंताजनकः वहीं क्षेत्र के निवासी जसराज यादव ने बताया कि "जून का पूरा महीना गुजर जाने के बावजूद बारिश नहीं होना चिंताजनक स्थिति है. इसे प्राकृतिक असंतुलन या आपदा की तरह भी देखा जा सकता है. लोग उम्मीद लगाए बैठे हैं कि जल्द ही इंद्रदेव मेहरबान होंगे और क्षेत्र में अच्छी बारिश होगी. बारिश नहीं होने से किसानों की खेती प्रभावित हो रही है और उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है."

'नहीं हो पा रही है फसलों की बुवाई': एक अन्य किसान ने भी वर्षा में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि "फसलों की बुवाई नहीं हो पा रही है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है. दिन और रात दोनों समय भीषण गर्मी बनी हुई है, जिससे खेती-किसानी के साथ-साथ आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है."

'खेती के लिए समय पर वर्षा होना आवश्यक है': किसानों का कहना है कि "समय पर वर्षा होना बेहद आवश्यक है, तभी खेतों में बुवाई का कार्य गति पकड़ सकेगा और गर्मी से भी राहत मिलेगी. फिलहाल मेवात क्षेत्र के किसान, आम नागरिक और पशु-पक्षी सभी बारिश की राह देख रहे हैं. लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही मानसून सक्रिय होगा, जिससे क्षेत्र को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी और किसानों की खेती संबंधी समस्याओं का समाधान हो सकेगा."