Fake Wedding Business and Rules: क्या है फेक वेडिंग का पूरा कॉन्सेप्ट? कैसे होती है एंट्री और क्या होते हैं इसमें रिचुअल्स
शादी का इनविटेशन आना मतलब फूड, म्यूजिक, डांस और जमकर एंजॉय करना. सबसे ज्यादा किसी चीज पर फोकस होता है वो है दूल्हा और दुल्हन. फिलहाल अब फेक वेडिंग का ट्रेंड है. क्या आपको पता है कि अब ऐसी शादियां हो रही हैं, जिनमे दूल्हा-दुल्हन नहीं होते हैं, लेकिन इसमें बकायदा मेहमान शामिल होते हैं और असली शादी की तरह ही जमकर मस्ती होती है. ये ट्रेंड यंगस्टर्स, जेन-जी के बीच खूब पॉपुलर हो रहा है. तो चलिए जान लेते हैं कि ये फेक वेडिंग क्या है. ये क्यों पॉपुलर हो रही है और इसमें क्या-क्या रिच्युअल्स होते हैं.
फेक वेडिंग सुनकर हैरानी जरूर होती है, लेकिन इसमें आने वाले लोगों से अगर पूछा जाए तो वो इसे खूब एंजॉय करते हैं. इसमें जेन-जी तो शामिल हो ही रहे हैं. इसके अलावा 40 प्लस एज के लोग भी इस तरह की शादियों को काफी पसंद करते हैं. जहां आपको न कोई काम की टेंशन न कुछ, बस जमकर मस्ती करनी है.
क्या होती है फेक वेडिंग?
‘फेक वेडिंग’ एक थीम बेस्ड इवेंट होता है. इसमें ऐसा माहौल तैयार किया जाता है कि वेन्यू पर पहुंचने पर आपको बिल्कुल शादी जैसी फील ही आती है. इस इवेंट में नाचने-गाने के साथ ही शादियों की तरह ही खाने की पूरी व्यवस्था होती है. बस इसमें दूल्हा-दुल्हन नहीं होते हैं. ये फेक वेडिंग एक तरह से सिर्फ और सिर्फ एंटरटेनमेंट के लिहाज से रखी जाती है. जिसमें रिश्तेदार नहीं बल्कि अलग-अलग बैकग्राउंड के लोग शामिल होते हैं.
क्यों हो रही फेक वेडिंग पॉपुलर?
लोगों के बीच ये फेक वेडिंग इसलिए पॉपुलर हो रही है, क्योंकि बस जाकर आपको एंजॉय करना होता है. खासकर जो लोग अपने घरों से दूर रहते हैं उनके लिए ये एक सहुलियत वाला इवेंट होता है. इसी के साथ इसमें परिवार या रिश्तेदारों का किसी तरह का दबाव नहीं होता है और लोग खुलकर एंजॉय कर पाते हैं. इस ट्रेंड के आगे बढ़ने की वजह ये भी है कि जिन्हें अच्छे कपड़े पहनने, डांस करने और रील्स के लिए पार्टियों में शामिल होना पसंद होता है, उनके लिए ये बेस्ट रहता है. यही वजह है कि ये नया ट्रेंड युवाओं, GEN-Z के बीच खूब पॉपुलर हो रहा है.
बन रहा बड़ा बिजनेस
फेक वेडिंग ट्रेंड लोगों के लिए एंजॉय करना का एक बेहतरीन तरीका तो है ही, इसके अलावा इसकी मार्केट भी बड़ी हो रही है. कुछ लोग इसे बतौर बिजनेस की तरह आगे बढ़ा रहे हैं. दरअसल फेक वेडिंग इवेंट ऑर्गेनाइज किए जाते हैं, जिसमें लोग शामिल होने के लिए कुछ पैसे देते हैं.
कैसे हो सकते हैं शामिल?
अगर आपको भी लोगों के मिलने-जुलने का बहुत शौक है. डांस, म्यूजिक, खाना ये सारी चीजें एंजॉय करना पसंद है तो आप इस तरह के इवेंट में शामिल हो सकते हैं. इसके लिए आपको किसी तरह का इनविटेशन नहीं मिलता है, बल्कि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना होता है, जिसमें आपको टिकट की फीस देनी होती है. इसमें संगीत नाइट से लेकर कन्फेशन वॉल तक होती है. ज्यादातर इवेंट्स में शामिल होने के लिए 18 प्लस एज जरूरी होती है.