विधायक सर्राफ ने तिरंगा यात्रा निकालकर किया अमर शहीदों को नमन

101
SHARE

भिवानी।    

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरु किए गए राष्ट्रव्यापी मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत पूर्व मंत्री एवं भिवानी से विधायक घनश्याम सर्राफ के नेतृत्व में शनिवार को शहर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा शहर के बीचों-बीच स्थित नेहरू पार्क से शुरु हुई, जो घंटाघर, सराय चौपटा, बिचला बाजार व दादरी गेट होते हुए कृष्ण प्रणामी मंदिर के पास संपन्न हुई। विधायक सर्राफ के साथ पार्टी जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़, प्रदेश उपाध्यक्ष ठा. विक्रम सिंह, प्रदेश सचिव बबीता तंवर, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रिया असीजा सहित अनेक पार्टी पदाधिकारियों व गणमान्य लोगों ने तिरंगा यात्रा शुरु होने से पहले पार्क में शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर अमर शहीदों को नमन किया। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे व महिलाएं भी शामिल हुई।
तिरंगा यात्रा के दौरान अपना संदेश देते हुए विधायक श्री सर्राफ ने कहा कि हम शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भुला सकते।

शहीदों की कुर्बानी से ही हमें आजादी मिली है। युवा पीढ़ी को शहीदों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में मेरी माटी-मेरा देश अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें शहीदों को नमन करने का कार्यक्रम भी शामिल है। उन्होंने कहा कि राष्टï्र के बढक़र से कुछ नही है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज देश का दुनिया में अपना नाम है। आज पूरे विश्व के दूसरे देश भारत की तरफ आशा भरी नजरों से देखते हैं। कोरोना काल में हमारे देश का प्रबंधन सबसे अच्छा रहा है। हमारे वैज्ञानिकों ने अपनी वैक्सीन बनाई और न केवल हमारे देशवासियों को लगाई बल्कि जरूरतमंद देशों को भी दी। इससे करोड़ों लोगों का जीवन बचा। हमारा देश विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा हो गया है।  श्री मोदी के नेतृत्व में आने वाले समय में हमारा देश दुनिया की सबसे बड़ी ताकतों में शामिल होगा।
विधायक सर्राफ ने कहा कि हमें सबसे पहले हमारे देश के लिए सोचना चाहिए। देश के बाद ही पार्टी और व्यक्ति आते हैं। शहीदों की याद में निकाली जा रही तिरंगा यात्रा युवाओं में राष्ट्रभक्ति  को मजबूत करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत की साख इस कदर बनी है कि तिरंगे को देखकर युद्ध विराम हो जाता है। भारत दूसरे देशों की जरूरत बन गया है। उन्होंने अपने संबोधन के माध्यम से 13 से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का भी आह्वान किया। पार्टी के जिलाध्यक्ष शंकर धूपड़ ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन-बान और शान है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूरे देशवासियों में राष्ट्र के प्रति समर्पण को लेर नई ऊर्जा भरने का काम किया है।
भिवानी विधानसभा क्षेत्र के शहीदों से संबंधित गांवों से क्लश में लाई गई मिट्टी
तिरंगा यात्रा शुरु होने से पहले शहीद स्मारक पर एक क्लश स्थापित किया गया, जिसमें भिवानी विधानसभा क्षेत्र से शहीदों से संबंधित गांवों से मिट्टी लाई गई थी। इस मिट्टी को दिल्ली में कर्तव्य पथ पर ले जाया जाएगा। तिरंगा यात्रा नेहरू पार्क से शुरु हुई। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने भारत माता के  जोरदार जयकारे लगाए। नेहरू पार्क से तिरंगा यात्रा घंटाघर, सराय चौपटा, बिचला बाजार जैन चौक, दादरी गेट होते हुए श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर के पास संपन्न हुई। इस दौरान पूरा बाजार तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। तिरंगा यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया।