Abhay Chautala Nayab Singh Saini Updates: नमी के नाम पर किसानों की जेब पर डाके का आरोप, सीएम नायब सैनी को एफिडेविट देने की चुनौती
चंडीगढ़: हरियाणा में धान खरीद को लेकर घोटालों की खबरें सामने आईं, जिसके बाद से विपक्षी पार्टियां सरकार पर हमलावर हो गईं। इस मुद्दे पर इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बीजेपी सरकार पर किसानों की जेब पर डाका डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह घोटाला नहीं लूट है। अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि किसानों के साथ यह आज से नहीं बल्कि जब से प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनी है, तब से यह लूट हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के बनने के बाद प्रदेश में नमी के नाम पर लूट शुरू हुई।
⚖️ अभय चौटाला का बीजेपी पर निशाना; मंडियों में अनियमितताओं का जिक्र
अभय चौटाला ने कहा कि 'मैंने 2014 से 2024 तक हर साल धान खरीद में गड़बड़ी का मुद्दा उठाने का काम किया। मनोहर लाल के मुख्यमंत्री काल में मैंने एक कमेटी का गठन किया था, जिसमें मैं और भूपेंद्र सिंह हुड्डा शामिल थे। हुड्डा तो बीजेपी के दबाव के चलते किसी भी मंडी में नहीं गए, लेकिन मैं प्रदेश की मंडियों में गया। उस वक्त किसानों ने बताया था कि नमी के नाम पर उनके धान की खरीद नहीं हुई। मंडी में हो रही उन अनियमिताओं की बात मैंने सत्र के दौरान उस वक्त के सीएम मनोहर लाल से भी की थी। उनको सबूत के साथ सारे दस्तावेज दिए थे। इसके बाद उन्होंने पूरे मुद्दे की जांच करने की बात कही थी, लेकिन उसकी कोई जांच नहीं हुई, क्योंकि इसका पैसा सभी में बांटा जाता है, यह तो सीधी-सीधी लूट है।'
🖥️ 'सरकार ने पोर्टल बनाए, कोई असर नहीं'; सिटिंग जज से जांच की मांग
इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि सरकार ने पोर्टल बनाए, लेकिन जमीन पर उसका कोई भी असर नहीं हुआ। इस बार तो और ज्यादा कई नियमों और शर्तों में बदलाव कर किसानों को परेशान किया गया। उससे सिर्फ किसान ही नहीं बल्कि व्यापारी भी परेशान रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि अब तो धान की खरीद भी बंद कर दी गई है, फिर भी किसान का धान अभी मंडी और उसके घर पर पड़ा हुआ है, जिसको सरकार को 30 तारीख तक खरीदना चाहिए। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि इस पूरे मामले की जांच हाई कोर्ट के सिटिंग जज से करवाई जानी चाहिए। अगर कभी हमारी सरकार आई तो हम इस सब की इंक्वारी करवाएंगे और किसान से लूटा गया पैसा उसको वापस करेंगे। जिन्होंने यह काम किया है उनको जेल की सलाखों के पीछे भेजेंगे।
📝 सीएम नायब सैनी पर निशाना; एफिडेविट देने की बात कही
अभय चौटाला ने कहा कि नायब सिंह सैनी जब दूसरी बार मुख्यमंत्री बने थे, तो उन्होंने कहा था कि कोई अगर उन्हें इस मामले की लिखित में जानकारी देगा, तो वह उसकी इंक्वारी करवाएंगे। अभय चौटाला ने कहा कि मैं इस मामले में एफिडेविट देता हूं। वह इंक्वारी करवा लें। मैं किसानों से हजारों एफिडेविट इस मामले के दिलवा दूंगा। हम सिर्फ धान घोटाले की नहीं, जो अन्य घोटाले इस प्रदेश में हो रहे हैं, उन सबके एफिडेविट देंगे और वह उसकी जांच करवाएं। अगर यह सही पाएंगे, तो फिर उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। अगर हमारी बात गलत निकले तो फिर वह हमारे खिलाफ भी मुकदमे दर्ज करवा सकते हैं।
🎤 भूपेंद्र हुड्डा पर निशाना; पंजाब दौरे को लेकर तंज
पूर्व कानून मंत्री रहे वीरप्पा मोइली ने कहा था कि 'कांग्रेस के दखल की वजह से ही गोधरा मामले की इंक्वारी बंद कर दी गई थी।' इस पर अभय चौटाला ने कहा कि मतलब यह है कि उस वक्त से ही बीजेपी और कांग्रेस आपस में मिले हुए हैं। अब तो कांग्रेस के लोग ही उस दौर के मामलों को बाहर लेकर आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा के खिलाफ भी इसी वजह से ही कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि अब तो हम भी कहते हैं कि कांग्रेस उनकी भी टीम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सारा दिन पंजाब में घूमते हैं, विदेशों में जाते हैं। हरियाणा में उनको कोई बुलाने वाला नहीं है। मुख्यमंत्री पंजाब में बीजेपी की सरकार बनाने की बात करते हैं, लेकिन उन्हें पंजाबी अच्छे से बोली भी नहीं आती।
🏛️ कांग्रेस पर साधा निशाना; 26 तारीख के सत्र व वोट मुद्दे पर बयान
अभय चौटाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर घर में कैसे लड़ाई हो, उसकी तैयारी कर रही है। कांग्रेसी आपस में घर-घर में कैसे लड़ें, इस पर काम कर रही है। वहीं 26 तारीख को संविधान दिवस के मौके पर बुलाए गए सत्र और कांग्रेस द्वारा घोषित कार्यक्रम को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में अभय चौटाला ने कहा कि एक तरफ कांग्रेस पार्टी वोट चोरी के नाम पर प्रदर्शन करती है, दूसरी तरफ बीजेपी देशभर में लोकतंत्र बचाने के नाम पर तिरंगा लेकर प्रदर्शन करती है। उन्होंने कहा कि सन 1982 में चौधरी देवीलाल की सरकार इसी वोट चोरी के दम पर कांग्रेस ने हरियाणा में नहीं बनने दी थी। कांग्रेस ने उस वक्त संविधान की धज्जियां उड़ाई थीं, अब बीजेपी सारा दिन यह काम करती है।