Akhilesh Yadav on UP Cabinet: '9 साल में कुछ नहीं किया, 9 महीने में क्या करेंगे?' योगी सरकार पर अखिलेश का तंज
यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार पर अखिलेश यादव का हमला। पूछा- 9 साल में कुछ नहीं हुआ तो आखिरी 9 महीनों में क्या होगा? दल-बदलुओं और पुराने मंत्रियों पर उठाए सवाल।
लखनऊ में योगी सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार पर अखिलेश यादव ने तंज कसा है. उन्होंने सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट शेयर करके योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता ये भी पूछ रही है कि आखिरी 9 महीनों में ये मंत्री क्या कर लेंगे जब 9 साल में ये सरकार कुछ न कर सकी. ये भी केवल वही करेंगे जो बीजेपी सरकार ने किया है. उन्होंने कहा कि जनता सवाल पूछ रही है कि उप्र में मंत्रिमंडल में केवल 6 रिक्तियां हैं, इससे ज्यादा तो दूसरे दल से पाला बदल कर आए लोग हैं, क्या उन सभी को मंत्री पद से नवाजा जाएगा?
अखिलेश यादव ने कहा कि उनमें से सबसे कमजोर को चुना जाएगा जिससे कि उसकी कमजोरी कुछ कम हो जाए? एक समाज के कई विधायकों में से किसी एक को चुना जाएगा तो चुनने का आधार क्या होगा? अगर ऐसा हुआ तो बाकी दल-बदलुओं का क्या होगा? उनकी उपेक्षा व अपमान को क्या कुछ ले-देकर शांत करा जाएगा? या उन्हें भी ये अहसास करा दिया जाएगा कि भाजपा किसी की सगी नहीं है? बाकी छूटे हुए लोग क्या अपने को ठगा सा महसूस नहीं करेंगे? वो अपने चुनाव क्षेत्र में मुंह दिखाने लायक बचेंगे क्या?
इंतजार करने वाले मंत्रियों का क्या होगा?
अखिलेश ने कहा कि इसके अतिरिक्त प्रश्न ये भी है कि उनके अपने दल के जो लोग मंत्री बनने के इंतजार में सूखकर कांटा हो गये हैं, उन बेचारों का क्या होगा? जिन वर्तमान मंत्रियों के विभाग कम किये जाएंगे तो क्या इससे जनता के बीच ये संदेश नहीं जाएगा कि वो नाकाम रहे, इसलिए उनसे मंत्रालय छीन लिया गया है? ऐसे मंत्री तो बिना लड़े ही क्या अपना चुनाव हार नहीं जाएंगे? साथी दलों को प्रतीक्षा के स्थान पर और कुछ मिलेगा या फिर उनको ये कहकर उपेक्षित कर दिया जाएगा तुम थे जिनके सहारे, वो हुए न तुम्हारे वो तो ठग हैं पुराने तुम ये सच न जाने
अखिलेश ने कहा कि और हां जनता ये भी पूछ रही है कि आखिरी 9 महीनों में ये मंत्री क्या कर लेंगे जब 9 साल में ये सरकार कुछ न कर सकी. ये भी केवल वही करेंगे जो भाजपा सरकार ने किया है : भ्रष्टाचार और अत्याचार! पीडीए पर वार-ही-वार! महंगाई-बेकारी की मार! ये जीना कर देंगे दुश्वार!

