Bhupinder Hooda: 'फसल खराबे पर पंजाब की तर्ज पर मुआवजा दे हरियाणा सरकार'
भिवानी पहुंचे भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने फसल बर्बादी पर सरकार को घेरा। क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर हाईकमान को रिपोर्ट सौंपने और ईंधन संकट पर दिया बड़ा बयान।
भिवानी : हरियाणाा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में जिस प्रकार से इन दिनों पकी हुई फसलों पर मौसम की मार पड़ी है, उसको लेकर नुकसान का आंकलन करवाकर किसानों के लिए मुआवजे की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि पंजाब सरकार ने इन दिनों हो रही बरसात व ओलावृष्टि के खराबे का आंकलन शुरू कर दिया है। हरियाणा सरकार को भी उनकी तर्ज पर ऐसा करना चाहिए। यह बात उन्होंने भिवानी में पूर्व सांसद जंगबीर सिंह के निधन पर शोक प्रकट करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों की कार्रवाई पर हुड्डा ने दिया जवाब
उन्होंने कहा कि वे आज पूर्व सांसद जंगबीर सिंह की रस्म पगड़ी पर पहुंचे है। वे लोकसभा में उनके साथी रहे। वे स्पष्टवादी व ईमानदार व्यक्ति थे, जिन्होंने जीवन भर समाजसेवा की। उन्होंने अपना जीवन फौजी व वकील के रूप में भी गुजारा। वे सादे व्यक्तित्व के धनी थे। भूपेंद्र हुड्डा ने पत्रकारों द्वारा पांच विधायकों की क्रॉस वोटिंग पर कांग्रेस द्वारा की जा रही कार्रवाई के सवाल पर कहा कि अनुशासन समिति ने इस संबंध में रिपोर्ट बनाकर पार्टी हाईकमान को दे दी गई है। विधायक रेणू बाला द्वारा भूपेंद्र हुड्डा पर क्रॉस वोटिंग के मामले में बचाए जाने के आरोप पर कहा कि एक झूठ बोलने के बाद 100 झूठ बोलने पड़ते है। उनका इशारा कांग्रेस विधायक की तरफ था।
सरकार के नए नियमों से किसानों को हो रही परेशानी- हुड्डा
हुड्डा ने कहा कि वे सांपला, नारायणगढ़, कुरूक्षेत्र सहित प्रदेश की विभिन्न मंडियों का दौरा आज से कर रहे है। मंडियों में फसल खरीद के लिए बायोमैट्रिक का प्रयोग, ट्रैक्टर-ट्राली पर नंबर लगाने सहित विभिन्न नए नियम जो लगाए गए है, उससे किसानों को परेशानी हो रही है। फसलों के खराबे पर सरकार के एक मंत्री के ब्यान की भी उन्होंने आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार के एक मंत्री का बयान है कि बरसात आने से फसलों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि फसल में दाना पकने के बाद कब से फसल बढ़ोत्तरी होने लगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता मौसम में खराब फसल में मदद की बजाए किसानों का मजाक उड़ाने का कार्य कर रहे है।
ईंधन की कमी पर भी बोले भूपेंद्र हुड्डा
वहीं देश में वैश्कि तौर पर ईंधन की कमी पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि विश्व स्तर पर जैसे युद्ध चल रहा है, ऐसे में संकट जरूर पैदा होता है। परन्तु सरकार बार-बार बयान जारी करके ईंधन की कमी नहीं होने की बात कह रही है। दूसरी तरफ लोगों की लाईनें ईंधन के लिए लगी हुई है। ऐसे में सरकार को चाहिए कि वे लोगों में विश्वास पैदा करें तथा ईंधन की समस्या का समाधान निकाले। सांसद जंगबीर सिंह की शोक सभा में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा के अलावा भाजपा विधायक घनश्याम सर्राफ, दादरी से विधायक सुनील सांगवान सहित प्रदेश भर के विभिन्न खापों के प्रतिनिधि व किसान नेता मौजूद रहे।

